शहर

मुंबई में आफत की बारिश, जलभराव से थमी 'मायानगरी' की रफ्तार; चेंबूर में स्कूल बस पर गिरा पेड़

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बारिश से कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हुए। IMD ने मुंबई और कोंकण के लिए बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Image

मुंबई में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई इलाकों में जलभराव

Mumbai Rain News: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में मानसून की मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पूरी मुंबई में जलभराव (Waterlogging) की समस्या देखने को मिल रही है। जिससे भीषण ट्रैफिक जाम हो रहा है। इसके अलावा पेड़ गिरने की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आई है। चेंबूर में एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक पर असर

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शहर के सबसे वीआईपी और व्यापारिक इलाकों में भी जलभराव देखने को मिल रहा है। बारिश के बाद बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC), वडाला और अन्य निचले इलाकों में पानी भर गया। कई जगह लोगों को घुटनों तक पानी भरा हुआ है। जिससे लोगों को आवाजाही में बहुत समस्या हो रही है। लोगों को इसी पानी में घुसकर गुजरना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण प्रमुख सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। जिससे वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही।

कई जगह गिरे पेड़, बस भी हुई क्षतिग्रस्त

तेज हवा और बारिश के कारण मौसम जनित हादसे भी सामने आ रहे हैं। इसके चलते पश्चिमी उपनगरों में कई जगह पेड़ उखड़ गए। डीएन नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक बड़ा पेड़ गिरने से एक बस क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। अंधेरी के एसवी रोड पर भी पेड़ गिरने के बाद रास्ता बंद हो गया। दमकल और नगर निगम की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रास्ता साफ कराया।

ईस्टर्न फ्रीवे पर हादसा

बारिश के कारण कम विजिबिलिटी और फिसलन भरी सड़क के कारण से ईस्टर्न फ्रीवे पर हादसा हो गया। जहां दो वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। जिससे रास्ता बंद हो गया। इस हादसे में किसी के घायल होने की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

स्कूल बस पर पेड़ गिरने से छात्र की मौत

चेंबूर के रोड नंबर-11 पर तेज हवा के कारण एक भारी पेड़ स्कूल बस पर गिर गया। इस हादसे में 11 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई और कई अन्य बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों, बस स्टाफ और राहत टीमों ने मिलकर बच्चों को निकालना शुरू किया। जिसके बाद इमरजेंसी टीमों ने कटर मशीनों की मदद से मलबे को हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में घायल हुए 5 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लापरवाही के आरोप, जांच के आदेश

मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने कहा कि जिस पेड़ के गिरने से हादसा हुआ, उसे लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच होगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

सरकार ने किया सहायता का ऐलान

राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना का संज्ञान लिया है। सरकार ने घायल बच्चों के इलाज का पूरा खर्च उठाने और मृत छात्र के परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही मुंबई और महाराष्ट्र में कमजोर व पुराने पेड़ों का तत्काल विशेष सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं।

IMD ने महाराष्ट्र में जारी किया अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। कोंकण क्षेत्र और पुणे घाट क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही पुणे शहर में हल्की से मध्यम बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे बहुत जरूरी न होने पर घरों से बाहर न निकलें और कमजोर इमारतों व भारी पेड़ों वाले इलाकों से दूर रहें।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!