Mobile Bathroom in Mumbai: मुंबई की सड़कों पर इन दिनों चलता-फिरता लग्जरी बाथरूम देखने को मिल रहा है। जिसमें गीजर, टब, शैंपू, क्लोथ ड्रायर, मोबाइल फोन चार्जिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। दरअसल ये मोबाइल बाथरूम है, जो बस के अंदर बना है। जिसकी खासियत ये है कि यह पूरी तरह से फ्री है। मुंबई में इस सुविधा को महाराष्ट्र सरकार और बीएमसी ने शुरू किया है। यह अनोखी पहल औरतों की जिदंगी को आसान बनाने के लिए शुरू की गई। इस सुविधा को शुरू हुए एक महीना हो चुका है और इसे इस्तेमाल करने वाली महिलाओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
मोबाइल बाथरूम में क्या है खास
इस मोबाइल बाथरूम में नहाने के लिए कई कमरे बने हुए हैं। जिसमें हर बाथरूम में हैंडवॉश, बॉडी वॉश, नल, बाल्टी, शावर, शैंपू, गीजर और टब की भी सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा इसमें दो ड्रायर कपड़े सुखाने के लिए दिए गए हैं और पांच मोबाइल फोन चार्जिंग प्वाइंट भी दिए गए हैं।
10 मिनट में सारा पानी फ्लश
इस मोबाइल बाथरूम में पानी बचाने के लिए एक खास सिस्टम भी लगा हुआ है। जिससे मात्र दस मिनट में बसा का सारा पानी फ्लश हो जाता है। जिससे इस बस की साफ-सफाई भी आसान है। फिलहाल इस मोबाइल बाथरूम की सुविधा मुंबई के कांदिवली इलाके में रहने वाली औरतों के लिए उपलब्ध है। इस अनोखी पहल से स्थानीय औरतें बहुत खुश हैं और ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित भी कर रही हैं।
मुंबई के दूसरे इलाकों में भी शुरू होगी सुविधा
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र के कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने इस इनोवेटिव आइडिया को पेश किया था। जिसे बीएमसी और जिला योजना समिति ने लागू किया। इस बस का संचालन बी द चेंज नाम की एक संस्था कर रही है। जिसे तीन बहने मिलकर चला रही हैं। इस योजना की सफलता के बाद अब बीएमसी इसे शहर के दूसरे इलाकों में भी शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसका जिक्र बीएमसी ने अपने बजट में भी किया हुआ है।
