शहर

शिक्षा मंत्री का 'रथ यात्रा' पोस्ट vs छात्रों का प्रदर्शन, क्या नीट मुद्दे से भटका ध्यान? X पर शेयर किया वीडियो

नीट पेपर लीक को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मौन हैं। छात्रों से बातचीत के बजाय भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा का वीडियो शेयर कर मंत्री ने अपनी प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े किए हैं।

Image

नीटे पेपर लीक विरोध के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जगन्नाथ रथ यात्रा का वीडियो किया पोस्ट

नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का बड़ा प्रदर्शन चल रहा है, जहां युवा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं। दूसरी तरफ, मंत्री की ओर से कोई आधिकारिक संदेश या छात्रों से संवाद देखने को नहीं मिला है। इसके विपरीत, उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर ओडिशा की रथ यात्रा का वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने भगवान जगन्नाथ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की है। उन्होंने स्थानीय भाषा में लिखा-नीलाचल में निवास करने वाले शाश्वत परमात्मा, बलभद्र और सुभद्रा सहित, जगन्नाथ को नमस्कार है। छात्रों के बढ़ते आक्रोश और मंत्रालय की चुप्पी के बीच, सोशल मीडिया पर की गई यह पोस्ट चर्चा का विषय बनी हुई है।

दरअसल, नीट (NEET) पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर जारी आंदोलन के बीच, 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने अपनी मांगों पर सख्त रुख अपना लिया है। केंद्रीय मंत्रियों जे.पी. नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ हुई उच्च-स्तरीय बैठक में प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उनकी प्राथमिक मांग है और इस पर कोई समझौता संभव नहीं है।

CJP ने सरकार के सामने प्रमुख रूप से चार मांगें रखी हैं: धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, नीट विवाद के दौरान आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा, प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेना और 20 जुलाई को 'संसद चलो' मार्च के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के लिए सरकार, आरएएफ (RAF) और दिल्ली पुलिस द्वारा सार्वजनिक माफी।

सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी के बीच यह आधिकारिक बैठक थी, जिसमें समाधान की कोशिश की गई, लेकिन गतिरोध बना हुआ है। नड्डा ने प्रतिनिधियों की बातें सुनने के बाद सरकार का जवाब देने के लिए शनिवार तक का समय मांगा है। कॉजपा ने चेताया है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो यह आंदोलन देशव्यापी रूप ले लेगा। इसके साथ ही, संगठन ने शिक्षा प्रणाली में बड़े संरचनात्मक सुधारों के लिए एक पांच-सूत्रीय चार्टर भी पेश किया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article