Mumbai Accident News: मुंबई पुणे एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा रायगढ़ जिले के खोपोली बोरघाट के पास मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब चार बजे हुआ। जब तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से टेंपो वैन से जा टकराया। इस वजह से यह भीषण हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
ट्रक का ब्रेक फेल होने के बाद हादसा
बताया जा रहा है कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे, जिससे वह अनियंत्रित होकर टेम्पो से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और हाईवे सेफ्टी पेट्रोलिंग पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी 11 घायल यात्रियों को इलाज के लिए नवी मुंबई स्थित एक अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक महिला समेत तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। चार यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज चल रहा है। खोपोली पुलिस इस दर्दनाक हादसे की जांच कर रही है।
