Language Row: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि यदि महाराष्ट्र के स्कूलों में कक्षा एक से पांच तक हिंदी अनिवार्य कर दी गई तो उनकी पार्टी स्कूलों को बंद कर देगी। मुंबई के निकट मीरा भयंदर में एक रैली में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाल के बयान का जिक्र किया कि राज्य के स्कूलों में किसी भी कीमत पर हिंदी पढ़ाई जाएगी।
इस महीने की शुरुआत में, भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने प्राथमिक स्कूलों में हिंदी को अनिवार्य बनाने वाले दो आदेशों को वापस ले लिया था, जिसका कई संगठनों और राजनीतिक दलों ने कड़ा विरोध किया था, जिसमें राज ठाकरे के चचेरे भाई उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे और शिवसेना (उबाठा) भी शामिल थी। राज ठाकरे ने यह भी कहा कि वह किसी भी भाषा के विरोधी नहीं हैं, लेकिन जबरदस्ती सहन नहीं करेंगे।
उद्धव ने भी त्रि-भाषा नीति का किया विरोध
समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि वह महाराष्ट्र सरकार द्वारा राज्य में त्रि-भाषा नीति लागू करने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं करेंगे। मराठी तथा अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में हिंदी 'थोपे जाने' के दावे पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हम महाराष्ट्र में त्रि-भाषा नीति को जबरन लागू किए जाने को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस दौरान उद्धव ठाकरे ने यह भी कहा कि कई सालों बाद मनसे प्रमुख राज ठाकरे के साथ मंच साझा करना (पांच जुलाई को हिंदी-मराठी मुद्दे पर आयोजित रैली में) उनके दीर्घकालिक सहयोग का संकेत माना जाना चाहिए।
