शहर

स्वामी विवेकानंद के अपमान पर कोलकाता में बवाल, SRFTI के बाहर हिंदू जागरण मंच का प्रदर्शन; पुलिसकर्मी से मारपीट का दावा

कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के बाहर स्वामी विवेकानंद और भारत माता के कथित अपमान को लेकर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

Image

कोलकाता में फिल्म इंस्टीट्यूट के बाहर भारी पुलिस तैनात

Photo : ANI

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के बाहर रविवार को माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। स्वामी विवेकानंद और भारत माता के कथित अपमान के विरोध में हिंदू जागरण मंच के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने संस्थान के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के उग्र रुख को देखते हुए मुकुंदपुर स्थित संस्थान परिसर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी।

एएनआई के मुताबिक घटनाक्रम के दौरान गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने संस्थान का मुख्य गेट तोड़कर अंदर परिसर में घुसने का प्रयास किया। हिंदू जागरण मंच के सदस्यों का गंभीर आरोप है कि SRFTI के कुछ छात्रों ने भारत माता की तस्वीर फाड़ी है और स्वामी विवेकानंद की फोटो पर पैर मारकर थूका है। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संस्थान के भीतर देशविरोधी और आपत्तिजनक नारे भी लगाए गए, जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।

भगवा वस्त्रों को लेकर की गई टिप्पणियों पर जताया एतराज

विरोध जताने के लिए कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और जमकर नारेबाजी की। संगठन के नेताओं का कहना है कि जिस देश में स्वामी विवेकानंद जैसे महान संत का अपमान किया जाए, वहां शांत बैठना मुमकिन नहीं है। भगवा वस्त्रों और धार्मिक प्रतीकों को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी कार्यकर्ताओं ने कड़ा एतराज जताया। उनका कहना है कि यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए जाते।

पुलिस प्रशासन के साथ भी दिखी तीखी नोकझोंक

दूसरी तरफ, इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस प्रशासन के साथ भी तीखी नोकझोंक देखने को मिली। कोलकाता पुलिस के स्पेशल ब्रांच के एक कर्मचारी ने आरोप लगाया कि पहचान बताने के बावजूद भीड़ ने उनके साथ हाथापाई और मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। हालांकि, हिंदू जागरण मंच के प्रतिनिधियों ने पुलिस के साथ किसी भी तरह की हिंसा या मारपीट के दावों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि यह आम जनता का शांतिपूर्ण और संवैधानिक विरोध था, जिसमें किसी को चोट पहुंचाने की मंशा नहीं थी। फिलहाल पुलिस पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!