Devendra Fadnavis on Aurangzeb: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को औरंगजेब की कब्र को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि औरंगजेब भारत का हीरो नहीं है। भारत के किसी समाज का हीरो नहीं है। इसलिए उस पर फूल, माला चढ़ाने का कोई कारण नहीं है।
फडणवीस ने क्या कुछ कहा?
औरंगजेब की मजार पर कुछ लोग फूल चढ़ाते हुए इससे जुड़े एक सवाल के जवाब में देवेंद्र फडणवीस ने पुरातत्व विभाव का उल्लेख किया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, फडणवीस ने कहा, "सबसे पहली बात तो यह है कि औरंगजेब भारत का हीरो नहीं है; वो भारत के किसी भी समाज का नायक नहीं है। इसलिए उसे फूल, माला चढ़ाने का कोई मतलब नहीं है, लेकिन जहां तक उसकी मजार का सवाल है तो देश की संसद द्वारा पारित कानून के अनुसार, इसे संरक्षित स्थान माना जाता है।''
'गलत चीजों का न करें महिमामंडन'
उन्होंने कहा कि उसकी कब्र केंद्र सरकार के पुरातत्व विभाग के अंतर्गत आती है। इसलिए, इस बारे में कोई भी फैसला राज्य सरकार नहीं ले सकती। सिर्फ केंद्र ही फैसला ले सकती है। मैं हमेशा कहता हूं कि इतिहास को सही नजरिए से देखना चाहिए और गलत चीजों का महिमामंडन नहीं करना चाहिए।
वहीं, आरक्षण से जुड़े एक सवाल के जवाब में फडणवीस ने कहा कि ...2024 में सुप्रीम कोर्ट ने एक फैसला सुनाया था जिसमें उन्होंने कहा था कि एससी का आरक्षण केवल हिंदू, बौद्ध और सिख समुदाय में ही दिया जा सकता है। अगर कोई धर्म परिवर्तन करता है तो उसे यह आरक्षण नहीं दिया जा सकता। धर्म परिवर्तन के बाद उसका एससी का दर्जा समाप्त हो जाता है। इसलिए, राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार आदेश देगी।
