Vasai News: मुंबई के सटे वसई रेलवे स्टेशन पर एक पुलिसकर्मी द्वारा महिला के साथ अश्लीलता करने का चौका देने वाला मामला सामने आया है। इस घटना की वीडियो सामने आने पर पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला शनिवार दोपहर 3 बजे रवाना हुई बोरीवली वसई लोकल ट्रेन का है। आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 74 और धारा 351 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नशे में धुत पुलिस कांस्टेबल ने की महिलाओं के अश्लीलता
बताया जा रहा है कि महिला के साथ अभद्रता करने वाला वसई-विरार पुलिस कमिश्नरेट का पुलिस कांस्टेबल है। आरोपी की पहचान अमोल किशोर सपकाले के रूप में हुई है। आरोप है कि वह खाकी वर्दी पहनकर मीरा रोड स्टेशन पर महिला कोच में नशे की हालत में चढ़ा था। डिब्बे में मौजूद महिलाओं ने बताया कि सपकाले अपनी कोहनी से महिला यात्रियों की पीठ बार-बार जानबूझकर छू रहा था और सीट पर बैठकर कुछ महिलाओं से टिकट मांगने का नाटक कर रहा था।
महिलाओं के साथ पुलिसकर्मी ने अभद्रता
महिलाओं ने आरोप लगाया है कि वह उन्हें गंदी नजरों से देख रहा था और कुछ अन्य महिलाओं से उनके फोन भी छीन लिए थे। बार-बार परेशान किए जाने पर महिलाओं ने तंग आकर उसे नायगांव स्टेशन पर जबरन उतार और स्टेशन मास्टर से शिकायत दर्ज कराई। महिलाओं की शिकायत मिलने के बाद वसई रोड रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस ने उचित कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार किया।
आरोपी गिरफ्तार
इस घटना से महिलाओं की सुरक्षा का गंभीर मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस घटना के बाद लोग सवाल कर रहे हैं कि अगर वर्दीधारी पुलिस वालों का इस तरह का व्यवहार है तो महिलाओं की सुरक्षा किसके हाथ में हैं। वसई रोड रेलवे पुलिस ने संबंधित पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 74 (महिलाओं की सीमा का उल्लंघन) और धारा 351(2) (धमकी और जबरदस्ती) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
