Thane Pod Taxi Project: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पॉड टैक्सी परियोजना की शुरुआत करने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक द्वारा बुधवार को घोषणा की गई। ठाणे नगर निगम में विकास को लेकर हुई समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने इसे योजना को पर्यावरण के अनुकूल बताते हुए किफायती भी बताया। सरनाईक ने कहा कि यह मेट्रो नेटवर्क के पूरक होगी। इस योजना को लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भूमिपूजन समारोह का आयोजन किया जाएगा। आइए आपको इस योजना के संबंध में अधिक जानकारी दें-
कितने किलोमीटर में फैला होगा पॉड टैक्सी नेटवर्क
जानकारी के अनुसार, ठाणे में पॉड टैक्सी नेटवर्क 52 किलोमीटर तक फैला होगा। इस योजना में अनुमानित स्टेशनों की संख्या 63 होगी। इस योजना को पीपीपी यानी सार्वजनिक-निजी भागीदारी के आधार पर शुरू किया जाएगा। लेकिन इस योजना को शुरू करने से पहले यात्रियों की सुरक्षा समेत अन्य औपचारिकताओं के लिए कानूनी मंजूरी पूरी करनी होगी।
ठाणे पॉड टैक्सी को लेकर क्या बोले निवासी
ठाणे में पॉड टैक्सी परियोजना शुरू करने को लेकर एक निवासी ने सवाल किया कि 'जब शहर में मेट्रो और रिंग रेल आ रही है तो पॉड टैक्सियों को कहां जगह दी जाएगी?' इसके अलावा एक कार्यकर्ता ने पॉड टैक्सी को लेकर कहा कि 'ऐसी घोषणाएं महज एक दिखावा लगती हैं।' कार्यकर्ता का कहना है कि इस तरह के वादे चुनाव से पहले किए जाते हैं।
घोड़बंदर रोड और सर्विस रोड को मुख्य मार्ग से जोड़ा जाएगा
समीक्षा बैठक में सारनाईक ने घोड़बंदर रोड के साथ सर्विस रोड को मुख्य मार्ग से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। जारी निर्देश के अनुसार, 31 दिसंबर तक दोनों मार्गों को मुख्य मार्ग से जोड़ा जाएगा। इतना ही नहीं सड़क के बीच खुले स्थानों को सीमेंट कंक्रीट से भरा जाएगा।
घोड़बंदर क्षेत्र में बनेगा ठाणे का तीसरा थिएटर
ठाणे नगर निगम में विकास को लेकर हुई समीक्षा बैठक के दौरान परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने घोड़बंदर क्षेत्र में शहर के तीसरे थिएटर बनाए जाने की जानकारी थी। बता दें कि शहर में पहले से गडकरी रंगायतन और डॉ काशीनाथ घोणकर ऑडिटोरियम है। अब एक नया थिएटर बनाए जाने की तैयारी की जा रही है।
