Mumbai Rain Alert: बीते तीन दिनों से मुंबई और आसपास के इलाकों भारी बारिश जारी है। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए आईएमडी ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रेड अलर्ट जारी किया है। बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया है और लोकल ट्रेन सेवाओं में देरी हो रही है। बारिश के कारण नागरिकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से कई सड़कों पर लबालब पानी भरा हुआ है, जिसके कारण जगह-जगह ट्रैफिक जाम झेलना पड़ रहा है।
जलभराव के कारण बदले बेस्ट बसों के मार्ग
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, सड़कों पर जलभराव के कारण कुछ स्थानों पर बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (BEST) उपक्रम की बस सेवाओं के रास्तों में बदलाव किया गया है। बता दें कि मुंबई के बोरीवली, अंधेरी, सायन, दादर और चेंबूर सहित शहर के कई हिस्सों में रातभर भारी बारिश हुई जो अभी भी जारी है, जिसके कारण गांधी बाजार समेत शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। सड़कें जलमग्न होने के कारण, ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित है।
मुंबई सेंट्रल सहित कई इलाकों में भरा पानी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह पांच बजे से छह बजे के बीच उपनगरों की तुलना में मुंबई में अधिक बारिश दर्ज की गई। मुंबई सेंट्रल, परेल, ग्रांट रोड, मालाबार हिल, दादर, वर्ली और कुछ अन्य इलाकों में केवल एक घंटे में 40 मिलीमीटर से 65 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जगहों पर जलभराव हो गया। जलभराव के कारण सुबह और देर शाम ट्रैफिक जाम होने की आशंका है। हिंदमाता, अंधेरी सबवे और 'ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे ', मुंबई-गुजरात राजमार्ग और 'ईस्टर्न फ्रीवे ' के कुछ हिस्सों में भी जलजमाव की खबर है।
रेलवे ट्रैक पर भरा पानी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लोगों ने दादर, माटुंगा, परेल और सायन के निचले इलाकों में रेलवे पटरियों पर जलजमाव की शिकायत की। रेलवे अधिकारियों ने दावा किया कि पानी पटरी के स्तर से नीचे था इसलिए ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई, लेकिन लोकल ट्रेनों सेवाओं में देरी हुई है।
मुंबई उपनगरीय नेटवर्क पर अंबिवली और शहाड़ स्टेशनों के बीच सिग्नलिंग प्रणाली में सुबह तकनीकी खराबी आने से स्थिति और खराब हो गई। मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता के अनुसार, सुबह आठ बजे के आसपास मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर लोकल ट्रेनें 10 मिनट और हार्बर लाइन पर पांच मिनट देरी से चल रही थी। पश्चिम रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि खराब दृश्यता के कारण उपनगरीय सेवाओं में विलंब हुआ।
सीपीआरओ सेंट्रल रेलवे, स्वप्निल नीला ने कहा कि मुंबई के सेंट्रल रेलवे और हार्बर रेलवे लाइनों पर सुबह 5 बजे के बाद भारी बारिश शुरू हो गई। मीठी नदी का जलस्तर 3.1-3.2 मीटर के आसपास पहुंच रहा है। उन्होंने आगे कहा कि अगर बारिश जारी रही तो हार्बर लाइन पर कुछ जगहों पर जलभराव की आशंका है। फिलहाल मेन और हार्बर दोनों लाइनों पर ट्रेन सेवाएं लगभग 15 मिनट देरी से चल रही हैं। स्वप्निल नीला ने बताया कि इस दौरान ट्रेन सेवाओं में देरी हुई, लेकिन रोकी नहीं गई। भारी बारिश के कारण स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, जिससे यात्रियों की संख्या में भी कमी आई है।
(इनपुट - भाषा)
