Mumbai News: मुंबई में एक दंपति गंभीर दुर्घटना में बाल-बाल बच गया और इसकी वजह एक यातायात पुलिसकर्मी था जिसने उन्हें महज 15 मिनट पहले ही सीट बेल्ट पहनने की सलाह दी थी। इस छोटी सी सतर्कता और नेक सलाह के लिए दंपति ने कॉन्स्टेबल प्रवीण क्षीरसागर का आभार जताया और मुंबई पुलिस आयुक्त ने उनकी सराहना की।
कंट्रोल खोकर दो बार पलट कार
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार क्षीरसागर ने शनिवार को गौतम रोहरा और उनकी पत्नी को तब रोका जब उनकी कार बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) पहुंची और बताया कि रोहरा की पत्नी ने सीटबेल्ट नहीं पहनी है। उन्होंने तुरंत उसे पहन लिया। बाद में, जब दंपति भारी बारिश में अंधेरी की ओर जा रहे थे तो ढलान से नीचे उतरते समय रोहरा ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। गाड़ी दो बार पलट गई और उसे काफी नुकसान पहुंचा लेकिन गौतम और उनकी पत्नी दोनों को मामूली चोटें आईं क्योंकि उन्होंने सीटबेल्ट पहनी हुई थी।
दंपति ने पुलिसक्रमी को कहा धन्यवाद
इस हादसे के बाद दंपति कॉन्स्टेबल क्षीरसागर और उनके सहयोगियों को धन्यवाद देने के लिए बीकेसी यातायात चौकी पहुंचा। गौतम रोहरा ने भी इस घटना को सोशल मीडिया पर साझा किया और मुंबई यातायात पुलिस की सतर्कता एवं जीवनरक्षक सलाह की प्रशंसा की। पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कॉन्स्टेबल की प्रशंसा की।
(इनपुट - भाषा)
