मुंबई में लगभग 15 दिनों के अंतराल के बाद एक बार फिर से भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। पिछले दो दिनों से महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों, खासतौर पर मुंबई में, मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। बस, कार, ट्रेन और विमान सेवाएं बाधित हो गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी सोमवार 18 अगस्त को सुबह 8.30 से 11.30 बजे के बीच टाटा पावर चेंबूर में 91.5 एमएम, विखरोली में 78.5, जुहू में 60, सायन में 58.5, बांद्रा में 50, सांताक्रूज में 47.2 और कोलाबा में 29.2 MM बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालात को देखते हुए मुंबई वासियों को एक बार फिर 26 जुलाई 2005 की याद आ रही है। जब शहर में भीषण बाढ़ आयी थी। IMD ने हाईटाइड का अलर्ट दिया है। आज मुंबई में शाम 6.53 बजे 3.08 मीटर (10.43 फीट) की अधिकतम ऊंची लहर उठेगी।
अंधेरी सब-वे को पानी भर जाने के कारण बंद करना पड़ा है। मुंबई में जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही में दिक्कत आ रही है, जिससे जहां-तहां भारी जाम लग गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा, कोल्हापुर और पुणे के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। तेज बारिश के कारण वेस्टर्न एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया है, जिसमें सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं।
मुंबई के कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमरा गई है, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इस स्थिति ने शहर के सामान्य जीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है।
