Mumbai News: मुंबई के माहिम इलाके में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पहली बार कबूतरों को दाना डालने के आरोप में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह घटना माहिम में उस समय हुई जब एक व्यक्ति को अपनी कार से सड़क पर कबूतरों को दाना डालते हुए देखा गया। हालांकि, कार की नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं थी, जिससे आरोपी की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 270 (जीवन के लिए संकट पैदा करने वाला कृत्य) और 223 के तहत मामला दर्ज किया है।
कबूतरों को दाना डालने पर क्यों हुआ केस दर्ज
यह कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट के उस आदेश के बाद की गई है, जिसमें अदालत ने सार्वजनिक स्थानों पर कबूतरों को दाना डालने को जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बताया और इस पर रोक लगाने का निर्देश दिया था। हाईकोर्ट ने बीएमसी और पुलिस को ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए थे।
51 कबूतरखानों की निगरानी के लिए स्पेशल टीम
इस आदेश के बाद बीएमसी ने दादर कबूतरखाना का निरीक्षण किया और शहर भर के 51 कबूतरखानों की निगरानी के लिए विशेष टीमें तैनात करने का निर्णय लिया है। यह कार्रवाई मुंबई में जनस्वास्थ्य के प्रति एक नई गंभीरता को दर्शाती है।
