Mumbai Drugs Seized: मुंबई सीमा शुल्क विभाग के हवाई अड्डा आयुक्तालय के अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई की। मुंबई कस्टम्स ने 8 करोड़ के ड्रग्स को बरामद किया और इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।सूचना के आधार पर मुंबई कस्टम्स ऑफिसरों ने ड्यूटी के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (सीएसएमआई) पर बैंकॉक से आई फ्लाइट नंबर वीज़ी760 से आए तीन यात्रियों को रोका। सामान की जांच के दौरान अधिकारियों ने 1.990 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) बरामद किया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 2 करोड़ रुपए है।
वहीं, एक अन्य मामले में सीमा शुल्क अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर फ्लाइट नंबर 6ई1060 से बैंकॉक से आ रहे 1 यात्री को रोका। लगेज की जांच में अधिकारियों ने 6.022 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) बरामद किया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 6 करोड़ रुपए है। जांच टीम ने उस यात्री को गिरफ्तार कर लिया।
इस तरह सीमा शुल्क अधिकारियों ने 8.012 किलोग्राम वजन के संदिग्ध एनडीपीएस (हाइड्रोपोनिक वीड) की जब्ती की, जिसकी कीमत 8 करोड़ रुपए है।
IANS इनपुट
