Mumbai Traffic Jam Today: मानसून के बीच मुंबई और आसपास के जिलों में भारी बारिश का दौर लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए मुंबई, रायगढ़, ठाणे, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पालघर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश से शहर में कई जगह जलजमाव की स्थिति बन गई है और यातायात में बड़ी बाधा आई है। सड़कों सेye=लेकर सबवे तक सबपर बारिश का असर पड़ा है।
अंधेरी सबवे बंद, ट्रेनों पर भी पड़ा असर
मुंबई शहर में भारी बारिश के चलते अंधेरी सबवे में 1 से 1.5 फीट तक जलभराव हो गया है, जिसके कारण मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने अंधेरी सबवे की दोनों लेन को वाहनों के लिए बंद करने का फैसला लिया है। ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक को गोखले ब्रिज और ठाकरे ब्रिज के रास्ते डायवर्ट कर दिया है। इसके साथ ही भारी बारिश के कारण सेंट्रल और हार्बर लाइन की कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि वेस्टर्न लाइन की ट्रेनें फिलहाल समय पर चल रही हैं।
सड़कों पर लगा जाम
पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है। बोरीवली, दहिसर, मालाड, कांदिवली, अंधेरी, गोरेगांव, जोगेश्वरी और बांद्रा जैसे इलाकों में झमाझम बारिश ने आम जनजीवन और सड़क यातायात को प्रभावित किया है और सड़कों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर दहिसर से बांद्रा की ओर भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ है।
IMD की चेतावनी
IMD ने इस सप्ताह पूरे महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना जताई है। पुणे, सतारा, रायगढ़ समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में इस भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है और यातायात प्रभावित हो रहा है। ऐसे में IMD के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतना जरूरी हो गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और बारिश के कारण पैदा होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।
