Maharashtra Cabinet decision: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता वाली महाराष्ट्र कैबिनेट ने बुधवार को बड़े फैसले किए। महाराष्ट्र कैबिनेट ने अहमदनगर का नाम बदलने के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी। इसके बाद अहमदनगर का नाम अहिल्या नगर कर दिया गया है। इसके साथ ही कैबिनेट ने उत्तान (भायंदर) और विरार (पालघर) के बीच समुद्री लिंक बनाने को भी मंजूरी दे दी है।
महाराष्ट्र कैबिनेट ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में महाराष्ट्र भवन बनाने के लिए 2.5 एकड़ जमीन खरीदने को मंजूरी दे दी है। इसके लिए बजट प्रस्ताव महाराष्ट्र विधानसभा के पिछले बजट सत्र में पहले ही किया जा चुका था। इसके अलावा सीएम एकनाथ शिंदे की कैबिनेट ने एक और बड़ा फैसला करते हुए मुंबई के 8 लोकल स्टेशनों के नाम को बदलने की भी मंजूरी दे दी। सरकार की ओर से कहा गया है कि इन स्टेशनों के नाम ब्रिटिश कालीन थे, जिन्हें बदला गया है।
अब इन नामों से जाने जाएंगे ये 8 स्टेशन
करी रोड - लालबाग
सैंडहर्स्ट रोड - डोंगरी
कॉटन ग्रीन - कालाचौकी
डॉकयार्ड रोड - मझगांव
किंग्स सर्कल - तीर्थकर पार्श्वनाथ स्टेशन
मरीन लाइन्स - मुंबादेवी
चर्नी रोड - गिरगांव
मुंबई सेंट्रल -नाना जगन्नाथ शंकरसेठ स्टेशन
केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव
मुंबई के 8 लोकल स्टेशनों के नाम बदलने का प्रस्ताव महाराष्ट्र कैबिनेट से पास हो गया है। अब एकनाथ शिंदे सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजेगी, वहां से मंजूरी मिलते ही सभी स्टेशनों का नया नाम स्वीकृत हो जाएगा।
