दिल्ली से गोवा जा रहे इंडिगो के एक विमान का इंजन हवा में फेल हो जाने के बाद उसे मुंबई में इमरजेंसी स्थिति में उतारना पड़ा। पीटीआई के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बुधवार को इंडिगो की एक फ्लाइट दिल्ली से गोवा जा रही थी। इसी दौरान हवा में पायलट को इंजन फेल होने की जानकारी हुई, जिसके बाद समय रहते उसे मुंबई हवाई अड्डे पर उतार लिया गया। जानकारी के मुताबिक, विमान करीब 17 मिनट तक हवा में चक्कर लगाता रहा। इसके बाद पायलट ने मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग करवाई।
भाषा के हवाले से सूत्र ने बताया कि एयरबस ए320नियो विमान को रात नौ बजकर 52 मिनट पर आपात स्थिति में उतारा गया। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि विमान में कितने लोग सवार थे। सूत्र ने कहा कि दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6271 के लिए पूर्ण आपात स्थित घोषित की गई और एक इंजन में खराबी के कारण इसका मार्ग परिवर्तित कर इसे मुंबई लाया गया।
