Mumbai Rain: मुंबई में कुछ घंटों की लगातार बारिश के कारण सोमवार को कई निचले इलाकों में पानी भर गया। साथ ही ट्रेन की पटरियों पर जलभराव हो गया। जिसके चलते सुबह के समय लोकल ट्रेन सेवाओं प्रभावित हुई। इसके अलावा शहर के कई इलाकों में यातायात पर भी असर पड़ा। जानकारी के अनुसार बारिश के चलते किंग्स सर्किल, मंत्रालय, दादर टीटी ईस्ट, परेल टीटी, कालाचौकी, चिंचपोकली और दादर स्टेशन सहित निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ।
ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ा प्रभाव
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी के बीच मुंबई के कुछ हिस्सों में कुछ घंटों तक भारी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण मध्य रेलवे के मस्जिद, बायकुला, दादर, माटुंगा और बदलापुर रेलवे स्टेशन पर पटरियां जलमग्न हो गईं, जिससे सुबह के व्यस्त समय में विभिन्न ट्रेन की आवाजाही धीमी हो गई। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने कहा, ‘‘उपनगरीय लोकल ट्रेन की आवाजाही जारी है, लेकिन कुछ स्थानों पर इनकी रफ्तार कम कर दी गई है।’’ यात्रियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जाने वाली ट्रेन के देरी से चलने के संबंध में शिकायत की। लेकिन, पश्चिमी रेलवे ने दावा किया कि उसकी पटरियों पर पानी नहीं जमा हुआ है और उसके गलियारे पर ट्रेन का परिचालन सामान्य रूप से हो रहा है, हालांकि यात्रियों ने कुछ देरी की शिकायत की है।
नरीमन प्वाइंट पर दर्ज हुई सबसे अधिक बारिश
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, द्वीप शहर में सबसे अधिक बारिश नरीमन प्वाइंट फायर स्टेशन में दर्ज की गई। यहां 104 मिलीमीटर बारिश हुई, जिसके बाद 86 मिलीमीटर बारिश के साथ ए वार्ड ऑफिस दूसरे स्थान पर रहा जबकि कोलाबा पंपिंग स्टेशन में 83 मिलीमीटर और नगर मुख्यालय में 80 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुबह 10 बजे के आसपास बारिश में कमी आई, लेकिन आसमान बादलों से भरा रहा। इससे पहले दिन में आईएमडी ने ‘नाउकास्ट’ चेतावनी जारी की थी, जिसमें मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बिजली चमकने और भारी बारिश की संभावना जताई गई थी।
मुंबई में अगले 24 घंटों में बारिश का अलर्ट
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि आईएमडी मुंबई ने अगले 24 घंटों के दौरान महानगर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। पूर्वानुमान में कहा गया है, ‘‘आम तौर पर बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है, इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलेंगी। शहर और उपनगरों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।’’ बीएमसी ने कहा कि पूर्वाह्न 11 बजकर 24 मिनट पर 4.75 मीटर ऊंची लहरें और फिर रात 11 बजकर नौ मिनट पर 4.17 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना है। जबकि शाम पांच बजकर 18 मिनट पर 1.63 मीटर और मंगलवार सुबह पांच बजकर 21 मिनट पर 0.04 मीटर नीची लहरों दर्ज किए जाने की संभावना है।
(इनपुट - भाषा)
