मुंबई

मुंबई में तीन घंटे होगी मूसलाधार बारिश, हाई टाइड का अलर्ट, दरिया बनी सड़कें; लोकल की धीमी पड़ी रफ्तार

Heavy Rain in Mumbai : महाराष्ट्र के मुंबई में अगले 3 घंटे भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। वैसे भी कई घंटे से जारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त है। हालात ये हैं कि जलभराव के कारण रेलवे ट्रैक भी डूब गए हैं। अब समुद्र में हाई टाइड का भी अलर्ट जारी किया गया है।

Image

मुंबई में भारी बारिश

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त
  • मायानगरी में अगले 3 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट
  • सड़कें लबालब और रेलवे ट्रैक डूबे
  • समुद्र में हाई टाइड का अलर्ट

Heavy Rain in Mumbai : मुंबई में भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे आम जनजीवन अस्तव्यस्त है। फिलहाल, सड़कों पर जलभराव है तो रेलवे ट्रैक डूब गए हैं। भारी जलभराव से यातायात पूरी तरह से प्रभावित है। उधर, फिर बीएमसी समेत मुंबईकरों की टेंशन बढ़ गई है क्योंकि मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे यानी दोपहर एक बजे तक भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इतना ही नहीं आईएमडी मुंबई ने अगले 24 घंटे यानी मंगलवार दोपहर तक ठाणे समेत अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। इसके अलावा समुद्र में दोपहर 2 बजे के आसपास हाई टाइड का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान करीब 4.4 मीटर तक समुद्री लहरें उठने का अनुमान जताया गया है।

300 मिमी दर्ज

देश की आर्थिक राजधानी आज बारिश के कहर से त्रस्त है। 8 जुलाई यानी सोमवार को मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे सड़कें पानी से फुल हैं। इतना ही नहीं मुंबई लोकल भी धीमी पड़ गई है और बेस्ट की बसों के रूट में बदलाव किया गया है। सुबह 7 बजे की अपडेट के अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर 300 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

मुंबई लोकल ट्रेनें ठप

जानकारी के मुताबिक, हिंदमाता, सायन, गांधी मार्केट, कुर्ला समेत सभी जगह गाड़ियां जहां-तहां रुकी हुई हैं। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली मुंबई लोकल ठप हो गई है। भारी बारिश की वजह से आज से स्कूल बंद कर दिये गए हैं। कल्याण-कसारा सेक्शन में खडावली और टिटवाला के बीच ट्रैफिक जाम लग गया है। रविवार से ही लोकल ट्रेन सर्विस पर भी असर पड़ा है। मुंबई में रात 1 बजे से सुबह 7 बजे तक 6 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर 300 मिमी से अधिक बारिश की दर्ज की गई।

इन इलाकों में भारी बारिश

फिलहाल, बाढ़ से निपटने के लिए NDRF टीम मौजूद है। उधर, पश्चिमी मुंबई, अंधेरी, गोरेगांव, मलााड, कांदिवली, बोरीवली, दहिसर, विर्ले पार्ले, सांताक्रूज, बांद्रा इलाको में भारी बारिश हो रही है। उधर, पनवेल, ठाणे में मूसलाधार बारिश जारी है। यहां सोसाइटी में पानी भर गया है। ऐसी स्थिति में लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कमर तक पानी भरा हुआ है। गाड़ियां सड़कों पर फंस गई हैं। वहीं, लोकल के संचालन को लेकर सबसे ज्यादा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, कुर्ला, विक्रोली और भांडुप हैं।

समुद्र में हाई टाइड का अलर्ट

वहीं, भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने मुंबई के तट पर समुद्र में हाई टाइड की भी संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार आज दोपहर 1 बजकर 57 मिनट पर हाई टाइड की संभावना जताई गई है। इस दौरान समुद्र से उठने वाली लहरों की ऊंचाई 4.40 मीटर तक हो सकती है। वहीं, रात 1 बजकर 41 मिनट पर 3.78 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना है। आज रात 8 बजकर 3 मिनट पर लो टाइड रहेगा, जिस दौरान समुद्री लहरों की ऊंचाई 1.64 मीटर रहेगी। इसके साथ ही कल सुबह 7 बजकर 25 मिनट पर लो टाइड के दौरान लहरों की ऊंचाई 0.96 मीटर रहेगी।
Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article