महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल (MSRDC) के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक, अनिलकुमार गायकवाड को अमेरिका के 60वें राष्ट्रपति शपथग्रहण समारोह में विशेष आमंत्रण प्राप्त हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने महाराष्ट्र की बुनियादी ढांचे में हुई प्रगति और भविष्य की योजनाओं को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
अमेरिका के राष्ट्रपति शपथग्रहण समारोह के दौरान, गायकवाड ने टेस्ला के सीईओ एलॉन मस्क, गूगल के सुंदर पिचाई और सॉफ्टबैंक के मसायोशी सोन सहित कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं से संवाद किया। उन्होंने महाराष्ट्र के बुनियादी ढांचे के प्रोजेक्ट्स में निवेश की संभावनाओं और राज्य की प्रगतिशील नीतियों पर चर्चा की। इस दौरान स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, टिकाऊ शहरी विकास और अत्याधुनिक परिवहन प्रणालियों पर विशेष जोर दिया गया।
'वैश्विक मंच पर महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है। इस बातचीत से मिले अनुभव और दृष्टिकोण महाराष्ट्र की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को और बेहतर दिशा देने में सहायक होंगे। हमारा लक्ष्य राज्य को टिकाऊ और विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा प्रदान करने वाला अग्रणी राज्य बनाना है,' गायकवाड ने कहा।
MSRDC की सफलता में गायकवाड की अहम भूमिका गायकवाड के नेतृत्व में MSRDC ने महाराष्ट्र में बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। समृद्धि महामार्ग, बांद्रा-वर्ली सी लिंक, मंत्रालय पुनर्निर्माण और भारत की सबसे लंबी सड़क सुरंग जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट उनकी दूरदर्शिता और नेतृत्व का प्रमाण हैं। इन परियोजनाओं ने राज्य के परिवहन और आर्थिक विकास को नई दिशा दी है।
