मुंबई

'महादेवी' की जिंदगी बचाने पर अड़चने, बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती; सुधरते स्वास्थ्य के बीच इलाज पर लगेगा ब्रेक!

वाइल्डलाइफ में आने से महादेवी को ज़ंजीरों से आजादी मिली, खुले में घूमने की जगह दी गई और ऐसा खाना दिया गया जो उसकी प्रजाति के लिए उपयुक्त हो। पुराने फ्रैक्चर का इलाज, दर्द देने वाले टूटे नाखून की मरम्मत और नियमित ग्रूमिंग के ज़रिये वह शारीरिक और मानसिक रूप से बेहतर होने लगी थी।

Image

महादेवी (फोटो-टाइम्स नाउ)

मुंबई : पिछले काफी दिनों से बीमार चल रही हथिनी महादेवी की जिंदगी बचाने की कोशिशें अभी भी अधूरी हैं। उसे अब वंतारा वाइल्डलाइफ सेंटर वापस कोल्हापुर के उस धार्मिक संस्थान में भेजा जा सकता है, जहां से उसे रेस्क्यू किया गया था। ये फैसला तब सामने आया है, जब स्थानीय समूहों और भक्तों की भावनात्मक अपीलें तेज हो गई हैं। पीटीआई/भाषा को महाराष्ट्र के मंत्री प्रकाश अबितकर ने शुक्रवार को बताया कि मादा हाथी महादेवी को गुजरात के जामनगर स्थित वंतारा वन्यजीव बचाव, उपचार और पुनर्वास केंद्र से वापस लाने के प्रयास जारी हैं। आज कोल्हापुर में एक बैठक में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वे महादेवी को कोल्हापुर जिले के नंदनी में वापस लाने के प्रयासों में सहयोग करेंगे।

वाइल्ड लाइफ में महादेवी को विशेषज्ञ डॉक्टरों, बहेवियर एक्सपर्ट्स और केयरगिवर्स की एक टीम की निगरानी में रखा गया है। यहां आने से उसे ज़ंजीरों से आजादी मिली, खुले में घूमने की जगह दी गई और ऐसा खाना दिया गया जो उसकी प्रजाति के लिए उपयुक्त हो। पुराने फ्रैक्चर का इलाज, दर्द देने वाले टूटे नाखून की मरम्मत और नियमित ग्रूमिंग के ज़रिये वह शारीरिक और मानसिक रूप से बेहतर होने लगी थी। लेकिन अब इन सबके बावजूद, महादेवी को वापस भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि कोल्हापुर में बढ़ते विरोध और अपीलों की वजह से वाइल्डलाइफ को यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया गया है।

पहले कहां थी महादेवी

महादेवी पहले कोल्हापुर जिले के करवीर तहसील के नंदनी गांव स्थित स्वस्तिश्री जैनसेन भट्टारक पट्टाचार्य महास्वामी संस्था में थी। जब PETA ने उसकी हालत पर चिंता जताई, तब एक हाई पावर्ड कमिटी ने उसे वंतारा भेजने की सिफारिश की थी। यह फैसला बॉम्बे हाई कोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट द्वारा भी बरकरार रखा गया था, जिसने मठ की याचिका खारिज कर दी थी।

भिक्षावृत्ति-धार्मिक आयोजनों में शामिल करने का खतरा

अब डर ये है कि वापसी के बाद महादेवी फिर से बंदी जीवन जीने को मजबूर हो सकती है। संभव है कि उसे फिर से भिक्षावृत्ति या धार्मिक आयोजनों के लिए इस्तेमाल किया जाए। जानवरों के हक़ के लिए काम करने वालों का मानना है कि ये उसके जीवन की गरिमा और आज़ादी के खिलाफ है। इस पूरे मामले में देशभर से एक ही अपील उठ रही है , कि महादेवी की भलाई, उसकी सेहत, आज़ादी और सम्मान को सबसे पहले रखा जाए।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने सुरक्षित रखा था मामला

दरअसल, पीटीआई के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बॉम्बे हाईकोर्ट ने 16 जुलाई को महादेवी को वंतारा के केंद्र में पुनर्वासित करने का आदेश दिया था। यह आदेश एक एनजीओ द्वारा महाराष्ट्र वन विभाग और सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त उच्चाधिकार प्राप्त समिति (एचपीसी) के समक्ष उनकी बिगड़ती सेहत और मानसिक पीड़ा को लेकर जताई गई चिंताओं के बाद दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने 25 जुलाई को हाईकोर्ट के आदेश को बरकरार रखा था। अबितकर ने बताया कि कोल्हापुर जिले से भाजपा सांसद धनंजय महादिक और शिवसेना सांसद धैर्यशील माने, महादेवी को वापस लाने के लिए केंद्र से सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा दाखिल करवाने के लिए काम कर रहे हैं। महादिक ने गुरुवार को केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की और महादेवी को नंदनी स्थित जैन मठ में वापस लाने के लिए एक ज्ञापन सौंपा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article