सूबे में मंगलवार को 711 नए केस सामने आए और इस लिहाज से कोविड केसों की एक दिन में 186 फीसदी वृद्धि रही। 711 नए मामलों में से 218 केस राजधानी मुंबई के थे। वैसे, कोविड से राज्य में मरने वालों की बात करें तो पिछले सात दिनों में 11 लोगों की जान जा चुकी हैं। फिलहाल वहां 1.82 फीसदी फैटिलिटी रेट है और 1162 एक्टिव केस हैं और इस तरह से प्रदेश में कोरोना का 13.17 प्रतिशत पॉजिटिविटी रेट है।

Maharashtra Covid Updates
वैसे, देश के लिहाज से बात करें तो चार अप्रैल, 2023 को भारत में कोविड के 3,038 नए मामले सामने आए। इन मामलों के साथ देश में अभी तक (खबर लिखे जाने तक आए डेटा के मुताबिक) संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,47,29,284 हो गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 21,179 पर पहुंच गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए आंकड़ों में बताया गया कि संक्रमण से दिल्ली और पंजाब में दो-दो और जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र व उत्तराखंड में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 5,30,901 हो गई। वहीं, संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में दो नाम और जोड़े हैं।
अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, देश में अभी 21,179 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.05 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है। अभी तक कुल 4,41,77,204 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है, जबकि अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं।
