मुंबई

कुली को मिला अमिताभ के मेक-अप मैन का 1.4 लाख रुपए का फोन, पुलिस को सौंपकर कायम की ईमानदारी की मिसाल

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 22, 2023, 10:33 AM IST

फोन की कीमत 1.4 लाख रुपये थी जो अमिताभ बच्चन के मेकअप आर्टिस्ट दीपक सावंत का था। सावंत ने दशरथ को उनकी ईमानदारी के लिए एक हजार रुपये का ईनाम भी दिया।

Image

कुली को रेलवे स्टेशन पर मिला 1.4 लाख रुपए का फोन (TOI)

Coolie Returns 1.4 Lakh Rupees Phone: भागदौड़ भरी इस जिंदगी में आज भी ऐसे लोग हैं जो गरीब होने के बावजूद ईमानदारी की मिसाल कायम किए हुए हैं। ऐसा ही एक मामला मुंबई में सामने आया है जहां एक कुली ने ईमानदारी का उदाहरण पेश किया। पेशे से कुली दशरथ दौंद मुश्किल से रोजाना 300 रुपए ही कमाते हैं। वह दादर रेलवे स्टेशन पर पिछले करीब तीन दशकों से कुली का काम कर रहे हैं।

दशरथ ने महंगा फोन तुरंत पुलिस को सौंपा

सोमवार को 62 साल के दशरथ ने स्टेशन पर एक महंगा फोन देखा तो उनके मन में एक पल भी यह ख्याल नहीं आया कि वे इसे रख लें। उन्होंने तुरंत फोन उठाया और जीआरपी चौकी पर पहुंचे। उनके इस कदम की पुलिस ने खूब तारीफ और बाद में फोन के मालिक ने उन्हें ईनाम भी दिया।

पुलिस अधिकारियों को पता चला कि फोन की कीमत 1.4 लाख है जो किसी दीपक सावंत का है जो अमिताभ बच्चन के मेकअप आर्टिस्ट हैं। सावंत परिवार ने दशरथ को उनकी ईमानदारी के लिए एक हजार रुपये का ईनाम दिया।

प्लेटफॉर्म के सीटिंग एरिया में मिला फोन

सोमवार के दिन दशरथ अपने काम में लगे हुए थे और यात्रियों का सामान इधर से उधर ले जा रहे थे। रात 11.40 बजे उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर अपना कामकाज समेटा जहां से ट्रेन अमृतसर जा रही थी तभी उन्हें यहां एक फोन नजर आया। उन्होंने कहा, मैं प्लेटफॉर्म पर चल रहा था तभी देखा की बैठने वाली जगह पर एक फोन रखा हुआ है। मैंने फोन उठाया और आसपास के लोगों से इसके बारे में पूछा। सभी ने नहीं में जवाब दिया।

पुलिस और फोन मालिक ने जमकर की तारीफ

इसके बाद दशरथ सीधे दादर जीआरपी चौकी पहुंचे और फोन उनके सुपुर्द कर दिया। दशरथ ने कहा, मुझे गैजेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है और मैं किसी और की चीज को अपने पास नहीं रखता हूं। पुलिसकर्मियों को फोन सौंपने के बाद दशरथ सोने चले गए। कुछ देर बाद पुलिस ने उन्हें फोन किया और बताया कि फोन के मालिक का पता चल गया है। पुलिस विभाग और दीपक सावंत ने दशरथ की जमकर तारीफ की। इसके बाद सावंत ने उन्हें 1 हजार रुपये भी बतौर ईनाम दिए।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article