दुर्ग : जिले के भिलाई स्थित औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री परिसर में रखे केमिकल से भरे 50 से ज्यादा ड्रम और केमिकल भरने पहुंचे दो टैंकर इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों टैंकर और ड्रम जलकर खाक हो गए। आग से निकलने वाला घना काला धुआं करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
आग की लपटों से इलाके में धुआं-धुआं
छावनी के सीएसपी प्रशांत सिंह ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी केमिकल के संपर्क में आने से आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें -दिल्ली पुलिस का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नोटिस, पुलिस कार्रवाई के 11 'भ्रामक' पोस्ट हटाने को कहा
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए करीब पांच फायर ब्रिगेड वाहनों को लगाया गया है। केमिकल की मौजूदगी के कारण पानी की जगह फोम के प्रेशर का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके बावजूद आग बार-बार भड़क रही है, जिससे दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
घटना में कुछ मजदूरों के घायल होने की भी खबर है, हालांकि घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर मौजूद हैं। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है। फिलहाल आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही फैक्ट्री में हुए नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
