मुंबई

महंगाई की एक और मार! मुंबई में सीएनजी डेढ़ रुपये हुई महंगी, पीएनजी के दाम में भी वृद्धि

मुंबई में सीएनजी और पीएनजी की बढ़ी हुई कीमतों के बाद करों सहित सीएनजी 75.00 रुपये/किलोग्राम और घरेलू पीएनजी की कीमत 48 रुपये/एससीएम होगी।

Image

मुंबई में सीएनजी के दाम बढ़े

Photo : PTI

Mumbai CNG Price: मुंबई वासियों को महंगाई का दोहरा झटका लगा है। मुंबई में सीएनसी (CNG Price) और पीएनजी (PNG Price) दोनों के दामों में वृद्धि की गई है। सीएनजी और पीएनजी की बढ़ी हुई कीमतें आज रात से लागू हो जाएंगी।

मुंबई में सीएनजी हुआ महंगा

दिल्ली के बाद में मुंबई में सीएनजी के दाम 1.50 रुपये प्रति किलो बढ़ गये हैं। जबकि पाइप के जरिये रसोई में पहुंचने वाली गैस यानी पीएनजी की कीमत एक रुपये बढ़ गयी है। मुख्य रूप से कच्चे माल की लागत बढ़ने से दाम बढ़ाये गये हैं।

पीएनजी के दामों में भी वृद्धि

मुंबई और आसपास के शहरों में वाहनों के लिए सीएनजी और घरों में पाइप के जरिये खाना पकाने की गैस उपलब्ध कराने वाली महानगर गैस लि. (एमजीएल) ने कहा कि बढ़ी हुई कीमतें आठ जुलाई की मध्यरात्रि से लागू होंगी। एमजीएल ने बयान में कहा- ‘‘सीएनजी और पीएनजी की बढ़ती मात्रा को पूरा करने और घरेलू गैस आवंटन में कमी के कारण, एमजीएल अतिरिक्त बाजार मूल्य पर प्राकृतिक गैस (आयातित एलएनजी) ले रही है। इसके चलते गैस की लागत बढ़ गई है।’’

अब कितनी होगी कीमत

बयान के अनुसार, गैस लागत में वृद्धि को आंशिक रूप से पूरा करने के लिए एमजीएल ने मुंबई और उसके आसपास सीएनजी की कीमत 1.50 रुपये प्रति किलोग्राम और घरेलू पीएनजी की कीमत एक रुपये प्रति मानक घन मीटर (एससीएम) बढ़ा दी है। इस वृद्धि के बाद सीएनजी की संशोधित कीमत सभी करों सहित 75 रुपये प्रति किलोग्राम होगी। वहीं मुंबई तथा उसके आसपास घरेलू पीएनजी की कीमत 48 रुपये प्रति एससीएम होगी।

दिल्ली में बढ़ चुके हैं दाम

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के शहरों के लिए इंद्रप्रस्थ गैस लि. ने 22 जून को दिल्ली में सीएनजी की कीमत एक रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 75.09 रुपये कर दी थी। हालांकि, कंपनी ने पीएनजी के दाम संशोधित नहीं किये और यह 48.59 रुपये प्रति एससीएम पर बनी हुई है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article