मुंबई

कोल्हापुर में दो गुटों में झड़प, 10 लोग घायल; वाहनों में आगजनी और तोड़फोड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा

कोल्हापुर में दो गुटों के बीच झड़प के बाद पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भड़काऊ संदेशों से सावधान रहें और शांति बनाए रखें।

Image

कोल्हापुर में हिंसा (फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत)

महाराष्ट्र के कोल्हापुर शहर में शुक्रवार रात उस समय तनाव का माहौल बन गया जब दो गुटों के बीच झड़प हो गई। राजेबागस्वार फुटबॉल क्लब की वर्षगांठ के मौके पर सिद्धार्थनगर कमान के पास बनाए गए मंच को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। इस झड़प में चार पुलिसकर्मियों समेत कुल 10 लोग घायल हो गए। भीड़ ने एक टेंपो और एक कार में आग लगा दी, जबकि कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटना रात लगभग 11 बजे शुरू हुई और पुलिस को हालात पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस ने लिया मोर्चा, स्थिति नियंत्रण में

कोल्हापुर के सिद्धार्थ नगर इलाके में फिलहाल शांति है। हालांकि,एहतियातन पुलिस सुरक्षा तैनात कर दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने दोनों पक्षों के नागरिकों को इस बारे में समझाया है। कोल्हापुर के एसपी योगेश कुमार ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा: "दो गुटों के लोगों के बीच झड़प हुई है। किसी गलतफहमी के चलते विवाद हुआ। फिलहाल दोनों पक्षों को अलग कर दिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है और आगे की कार्रवाई जारी है।" उन्होंने लोगों से अफवाहों और फेक वायरल मैसेज पर ध्यान न देने की अपील की और कहा कि पुलिस इस घटना की जांच कर रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम बना विवाद की वजह

जानकारी के अनुसार, राजेबागस्वार फुटबॉल क्लब की सालगिरह के लिए सिद्धार्थनगर कमान के पास सड़क पर एक मंच बनाया गया था। इस मंच को हटाए जाने को लेकर दो गुटों के बीच तनाव पैदा हुआ और बहस ने हिंसक रूप ले लिया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ को तितर-बितर किया और इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है। रात भर तनाव का माहौल बना रहा लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article