Nashik Road Accident: महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ जहां एक कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना की जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी। घटना के सिलसिले में पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार देर रात जिले के डिंडोरी कस्बे के पास हुई।
अधिकारियों का कहना है कि उन्हें रात 11.57 बजे वाणी-डिंडोरी रोड पर एक नर्सरी के पास हुई इस घटना की सूचना मिली। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों वाहन सड़क किनारे एक छोटी नहर में गिरे हुए पाए गए। पुलिस ने बताया कि सात लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद, पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
1 बच्चा भी शामिल
हादसा डिंडोरी क्षेत्र में हुआ, जहां एक मारुति ऑल्टो कार और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे एक नहर में पलट गई। मृतकों में तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं, जो सभी कार में सवार थे। वहीं मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बर्थडे पार्टी से लौटते वक्त हुआ हादसा
ये सभी लोग नासिक में एक बर्थडे पार्टी में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी आधी रात के करीब यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि टक्कर के बाद ऑल्टो कार नहर में गिर गई और पानी में डूबने से उसमें सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक कार में फंसे रह गए और उनके नाक और मुंह में पानी भरने के कारण दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
