Mumbai Airhostess Rape Case: सेंट्रल मुंबई के पॉश इलाके पवई (Powai) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 'पति की बीमारी ठीक करने' और घर से 'बुरी नजर' उतारने का झांसा देकर एक ढोंगी ने एक 25 वर्षीय एयरहोस्टेस को अपनी हवस का शिकार बना डाला। आरोपी साड़ी पहनकर और खुद को किन्नर बताकर पीड़िता के घर में दाखिल हुआ था।
TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, पवई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 वर्षीय आरोपी अनिल शेषराव शिंदे को ठाणे के खारेगांव इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे बिछाया झांसा और रची साजिश?
पुलिस पड़ताल के अनुसार, पीड़िता अपने पति की बीमारी को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। आरोपी ने महिला की इस मजबूरी का फायदा उठाया:
घर में प्रवेश: 18 अगस्त की दोपहर आरोपी साड़ी पहनकर और किन्नर का वेश धरकर महिला के घर पहुंचा। उसने महिला को झांसे में लिया कि वह तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए उसके पति की बीमारी और घर की 'बुरी नजर' को पूरी तरह खत्म कर देगा।
सम्मोहन और भय: पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने पूजा का नाटक करते हुए उसे सम्मोहित जैसा कर दिया और उसके बाद शारीरिक नुकसान पहुंचाने का डर दिखाकर बेडरूम में ले गया, जहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
बहुरूपिया था आरोपी: पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अनिल शिंदे केवल किन्नर ही नहीं, बल्कि स्थिति के हिसाब से भिखारी या साधु का वेश बदलकर भी लोगों को ठगता और निशाना बनाता था।
CCTV फुटेज से खुली पोल, ठाणे से पकड़ाया
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को किसी से न कहने की धमकी देकर फरार हो गया। खुद को संभालने के बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस को आपबीती बताई।
पवई पुलिस की विशेष टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इमारत और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी साड़ी पहने हुए ऑटो-रिक्शा में बैठता हुआ नजर आया। पुलिस ने ऑटो के रूट का पीछा करते हुए उसे ठाणे की खारेगांव झोपड़पट्टी से धर दबोचा।
मामले से जुड़ी अहम जानकारी
- 25 साल की एयरहोस्टेस के साथ रेप किया गया। आरोपी ने खुद को ट्रांसजेंडर बताया और बीमार पति का काला जादू से इलाज करने के बहाने महिला के फ्लैट में घुस गया।
-आरोपी की पहचान 28 साल के अनिल शिंदे के तौर पर हुई है। FIR दर्ज होने के चार घंटे के अंदर ही उसे बुधवार सुबह कलवा के एक झुग्गी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पवई की बिल्डिंग से कलवा तक के रास्ते में लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज से उसकी गतिविधियों का पता लगाया गया।
-पुलिस के अनुसार, फ्लैट से निकलने से पहले शिंदे ने महिला से 200 रुपये भी लिए थे। कथित रेप की घटना मंगलवार को दोपहर 12.20 बजे से 12.50 बजे के बीच हुई। पुलिस ने बताया कि ट्रांसजेंडर के भेष में आए शिंदे ने सिक्योरिटी गार्ड का भरोसा जीता और बिल्डिंग में घुस गया। उसने कई बार दरवाजे खटखटाए, जिसके बाद तीसरी मंजिल पर रहने वाली महिला ने अपना फ्लैट खोला।
-डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (वेस्ट ज़ोन-3) दत्ता नलावडे ने कहा, 'उसने दावा किया कि वह बुरी नजर से बचा सकता है और फ्लैट में घुसने के बाद महिला के साथ रेप किया।'
-महिला ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि उसने शिंदे को अंदर आने दिया क्योंकि उसे लगा कि वह उसके पति के इलाज में मदद कर सकता है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
- शिंदे ने महिला के साथ यौन उत्पीड़न करने से पहले उस पर पानी छिड़का और उसके सिर पर हाथ रखा। महिला का कहना है कि जब उसने शोर मचाया, तो शिंदे 200 रुपये लेकर फ्लैट से चला गया।
-महिला मंगलवार रात करीब 11 बजे पुलिस के पास पहुंची, जिसके बाद FIR दर्ज की गई। नलावाडे की देखरेख में सीनियर इंस्पेक्टर एएस सावंत, इंस्पेक्टर सुशांत बांडगर और सब-इंस्पेक्टर संदीप पाटिल की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
-पुलिस ने बताया कि शिंदे हिरासत में है और उस पर रेप और आपराधिक धमकी देने जैसे आरोप हैं। उन्होंने कहा कि काले जादू से जुड़ी अतिरिक्त धाराएं भी लगाई जा सकती हैं।
-एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिंदे ने दावा किया कि उसका परिवार ट्रांसजेंडर बनकर भीख मांगने का काम करता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वह पहले भी ऐसे अपराधों में शामिल रहा है।
