शहर

Mumbai News: मुंबई लोकल में मामूली बहस ने लिया खूनी रूप, ट्रेन में यात्री की चाकू मारकर हत्या

मुंबई लोकल ट्रेन में मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। जहां एक यात्री ने दूसरे यात्री को मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने छह टीमें बनाकर आरोपी को कुर्ला से गिरफ्तार कर लिया।

Image

सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mumbai Murder News: मुंबई में मंगलवार रात लोकल ट्रेन में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। जहां एक यात्री की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना पश्चिम रेलवे के कांदिवली और बोरीवली स्टेशन के बीच चल रही लोकल ट्रेन में हुई। मृतक की पहचान मयंक लोहार के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी लोकल ट्रेन से भाग गया।

ट्रेन का गेट बंद करने को लेकर हुई बहस

जानकारी के अनुसार, यह घटना 23 जून की रात करीब 10 बजे हुई। इस दौरान शहर में भारी बारिश हो रही थी। तभी लोकल ट्रेन में दरवाजा बंद करने को लेकर यात्रियों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक मामला पहुंच गया। बताया जा रहा है कि कुछ यात्रियों ने आरोपी की पिटाई कर दी।

आरोपी ने बैग में रखा था चाकू

पुलिस के अनुसार, पिटाई से नाराज आरोपी ने अपने बैग से चाकू निकाला और मयंक लोहार पर हमला कर दिया। चाकू लगने से मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। वहीं ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने खून से लथपथ मयंक को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कुर्ला से आरोपी गिरफ्तार

बोरीवली जीआरपी ने मामले की जांच शुरू की। रेलवे पुलिस की टीम ने आरोपी को कुर्ला से गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रेलवे पुलिस ने छह टीमें तैनात की थीं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन सुवर्णा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भारी बारिश के दौरान ट्रेन के दरवाजे को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article