शहर

बिहार का मौसम (2 Feb 2026) Bihar Weather Today: बिहार में कम हुआ पछुआ का सितम, कल इन इलाकों में आएगी बारिश

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 2 Feb 2026: बिहार के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है कि जनवरी की हाड़ कंपा देने वाली ठंड का प्रभाव अब धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। हालांकि सुबह और देर रात में अब भी हल्की कनकनी का अहसास हो रहा है, लेकिन दिन की तेज धूप ठंड के असर को काफी कम कर रही है। आइए जानते हैं बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार के कई जिलों में बारिश की संभावना

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (2 Feb 2026): पहाड़ों में हो रही लगातार बर्फबारी का असर भले ही बिहार तक पहुंचा हो, लेकिन अब प्रदेश में ठंड का तीखापन धीरे-धीरे कम होने लगा है। पछुआ हवाओं के कारण रात के समय अभी भी हल्की कनकनी महसूस की जा रही है, हालांकि दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

तापमान में बढ़ोतरी के संकेत

मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि बिहार के अधिकांश जिलों में अब अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा होगा। इससे कड़ाके की ठंड का दौर लगभग समाप्त हो जाएगा। फिलहाल राज्य में मौसम सामान्य बना हुआ है और किसी भी जिले के लिए घने कोहरे का व्यापक अलर्ट जारी नहीं किया गया है। न्यूनतम तापमान 8 से 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।

तराई जिलों में कोहरे का हल्का असर

हालांकि हिमालय से सटे तराई क्षेत्रों में अभी भी सुबह के समय कोहरे का असर देखा जा रहा है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बावजूद दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से दृश्यता में तेजी से सुधार हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक कोहरे को लेकर कोई बड़ी चेतावनी नहीं है।

फरवरी में क्यों कमजोर पड़ेगी ठंड

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फरवरी में ठंड कमजोर पड़ने के दो प्रमुख कारण हैं। पहला, इस महीने उत्तर भारत को प्रभावित करने वाले पश्चिमी विक्षोभ अपेक्षाकृत कमजोर रहते हैं, जिससे ठंडी हवाओं का प्रवाह कम हो जाता है। दूसरा, फरवरी में सूर्य की ऊंचाई बढ़ने लगती है और दिन लंबे होने लगते हैं, जिससे धूप का असर बढ़ता है और वातावरण गर्म होने लगता है।

पटना में साफ रहेगा मौसम

राजधानी पटना में आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है, लेकिन दिन के समय धूप निकलने से ठंड का असर कम रहेगा। पटना में न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हल्की बारिश के भी आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 फरवरी को भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद और गया में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। फरवरी के पहले सप्ताह के बाद बारिश की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article