शहर

MP News: पाकिस्तान से कथित लिंक वाले ऑनलाइन नेटवर्क पर ATS का बड़ा प्रहार, दो लोग और गिरफ्तार

मध्य प्रदेश ATS ने संदिग्ध अंतरराज्यीय कट्टरपंथी मॉड्यूल की जांच के दौरान यूपी और राजस्थान से दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी एक ऑनलाइन समूह से जुड़े थे, जिसे कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित हैंडलर चला रहा था। पूरे मामले की जांच जारी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

MP News: मध्य प्रदेश के आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने एक संदिग्ध अंतरराज्यीय कट्टरपंथी समूह मामले में जांच के दौरान रविवार को उत्तर प्रदेश और राजस्थान से दो और लोगों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या तीन हो गई है। एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में पहली गिरफ्तारी भोपाल निवासी मोहम्मद फराज (35) की हुई थी, जिसे मध्यप्रदेश एटीएस ने शुक्रवार को भोपाल के काजी कैंप इलाके से गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग कथित तौर पर एक बंद ऑनलाइन समूह का हिस्सा थे, जिसे पाकिस्तान स्थित एक ’हैंडलर’ द्वारा ’एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म’ के माध्यम से नियंत्रित किया जाता था। इसी मामले की जांच में यह कार्रवाई हो रही है।

सहारनपुर और अलवर से गिरफ्तार आरोपी

अधिकारी ने बताया कि हाल में गिरफ्तार किए गए लोगों में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के ननौता निवासी नईम अब्दुल्ला कुरैशी (38) और राजस्थान के अलवर जिले के मोहम्मद शाकिर (34) शामिल हैं। कुरैशी को शुक्रवार रात मध्यप्रदेश एटीएस, उत्तर प्रदेश एटीएस, उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया था। अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि शाकिर को रविवार तड़के मध्यप्रदेश एटीएस की टीम ने हिरासत में लिया। सूत्रों ने कहा कि चौथे संदिग्ध की दूसरे राज्य में तलाश की जा रही है और जल्द उसकी गिरफ्तारी हो सकती है।

अधिकारियों ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने इस बारे में जानकारी साझा की कि ऑनलाइन समूहों का इस्तेमाल कथित तौर पर विदेशी ’आकाओं’ द्वारा लोगों को कट्टरपंथी बनाने और संचालित समूहों में उनकी भर्ती करने के लिए किया जा रहा है।

जांच अधिकारियों ने दावा किया कि एक निजी होम्योपैथिक क्लिनिक में कार्यरत स्नातक फराज कथित नेटवर्क के सदस्यों के संपर्क में था और ऑनलाइन चैनलों के माध्यम से प्रभावित हो रहा था।

डिजिटल सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त

सूत्रों ने बताया कि फराज और कुरैशी को 16 जून तक एटीएस की हिरासत में भेज दिया गया, जबकि शाकिर को 20 जून तक के लिए हिरासत में भेजा गया है। जांच अधिकारियों के अनुसार, कुरैशी ने कथित तौर पर लगभग दो साल पहले फराज को ऑनलाइन समूह में शामिल करवाया था। उन्होंने बताया कि दोनों ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में एक मदरसे में एक साथ पढ़ाई की थी। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल सामग्री जब्त की है, जिसमें चरमपंथी साहित्य और ऑनलाइन समूह के माध्यम से कथित तौर पर साझा किए गए वीडियो शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कथित नेटवर्क की प्रकृति और सीमा, इसके लिंक और इसके सदस्यों के बीच चर्चा की गई किसी भी संभावित योजना का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article