शहर

Gwalior News: इतने कम मोमोज? बस इतना सा सवाल और भड़क गया दुकानदार, फेंका युवक पर खौलता तेल, बुरी तरह झुलसा चेहरा और कान

Gwalior News: ग्वालियर में मोमोज की संख्या को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि ठेला संचालक ने 18 वर्षीय युवक से मारपीट के बाद कढ़ाई में खौलता तेल उसके ऊपर फेंक दिया। गर्म तेल की चपेट में आने से युवक का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Image

ग्वालियर में 20 रुपये के मोमोज को लेकर बवाल (प्रतीकात्मक फोटो)

Gwalior News: ग्वालियर में मोमोज की संख्या को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि ठेला संचालक ने 18 वर्षीय युवक पर कढ़ाई में रखा खौलता हुआ तेल फेंक दिया। गर्म तेल की चपेट में आने से युवक का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना पुरानी रेशम मिल चौराहे की बताई जा रही है।

20 रुपये के मोमोज पर छिड़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक, हजीरा थाना क्षेत्र के रेशम मिल प्रगति नगर निवासी 18 वर्षीय शिवा उर्फ चेतन भदौरिया रविवार शाम अपने दो दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ पुरानी रेशम मिल चौराहे पर स्थित 'अंकित मोमोज' के ठेले पर पहुंचा था। यहां उसने 20 रुपये के मोमोज खरीदे। आरोप है कि प्लेट में मोमोज की संख्या कम होने पर शिवा ने ठेला संचालक अंकित राजपूत से इस बारे में सवाल किया।

खौलता हुआ तेल युवक के ऊपर फेंक दिया

बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान अंकित ने शिवा के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान ठेला संचालक ने कढ़ाई में रखा खौलता हुआ तेल शिवा के ऊपर फेंक दिया।

ठेला संचालक के खिलाफ मामला दर्ज

गर्म तेल पड़ने से शिवा गंभीर रूप से झुलस गया। उसके चेहरे और कान पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर हजीरा थाना पुलिस ने ठेला संचालक अंकित राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article