शहर

Meerut News: होमगार्ड भर्ती की दौड़ में बिगड़ी अभ्यर्थियों की तबीयत, एक की मौत

Meerut News: मेरठ में होमगार्ड भर्ती की 4.8 किलोमीटर दौड़ के दौरान कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। 10 अभ्यर्थियों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जिसमें एक अभ्यर्थी की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Image

होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान बिगड़ी अभ्यर्थियों की तबीयत

Photo : Times Now Digital

Meerut Home Guard Recruitment: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान दौड़ की परीक्षा में कई अभ्यर्थियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कैलाश प्रकाश स्टेडियम में मंगलवार को आयोजित दौड़ में कुछ अभ्यर्थियों को सांस लेने में परेशानी होने के कारण वे मैदान में ही गिर पड़े। जिसके बाद सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान एक अभ्यर्थी की इलाज के दौरान मौत हो गई और एक अन्य छात्र वेंटिलेटर पर बताया जा रहा है।

10 अभ्यर्थियों को लाया गया अस्पताल

मेडिकल इमरजेंसी के डॉक्टर के मुताबिक, अस्पताल में कुल 10 अभ्यर्थियों को इलाज के लिए लाया गया था। इनमें शामली निवासी अंकुज मलिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, शामली निवासी सचिन की हालत गंभीर है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। एक अन्य अभ्यर्थी को न्यूटिमा अस्पताल में भर्रती कराया गया है, जबकि बाकी अभ्यर्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

1,017 अभ्यर्थी भर्ती दौड़ में शामिल

बताया जा रहा है कि होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत करीब 1,017 अभ्यर्थी दौड़ परीक्षा में शामिल हुए थे। अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी थी। दौड़ते समय कई अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ अभ्यर्थी सांस लेने में परेशानी होने के कारण मैदान में ही गिर पड़े। मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने तुरंत रोगी वाहनों की मदद से प्रभावित अभ्यर्थियों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

इलाज के दौरान अभ्यर्थी की मौत

दौड़ के दौरान अभ्यर्थी अंकुज मलिक की भी तबीयत बिगड़ गई थी। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं सचिन की स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने और अंकुज की मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में अभी कोई आधिकारिक बयान भी सामने नहीं आया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article