Mathura News Today : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महापर्व से ठीक पहले कान्हा की नगरी मथुरा में नगर निगम के दावों की हवा निकल गई। महज आधे घंटे की तेज बारिश ने शहर के प्रमुख मार्गों को तालाब में तब्दील कर दिया, जिससे स्थानीय नागरिकों और बाहर से आए श्रद्धालुओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जल निकासी व्यवस्था ठप
तेज बारिश से गर्मी और उमस से भले ही राहत मिली हो, लेकिन बीएसए कॉलेज रोड, नया बस स्टैंड और भूतेश्वर पुल के नीचे की सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गईं। बीएसए कॉलेज रोड पर जलभराव इतना अधिक था कि गाड़ियां पानी के बीच हिचकोले खाती नजर आईं और पैदल यात्रियों के लिए निकलना दूभर हो गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- कौन हैं एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र? 40 साल तक वायुसेना में की सेवा अब बने राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO; जानिए उनके बारे में सबकुछ
स्थायी समाधान नदारद
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बीएसए कॉलेज रोड पर जलभराव की समस्या बेहद पुरानी है। हल्की सी बारिश में भी यह इलाका जलमग्न हो जाता है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन और नगर निगम की ओर से कोई ठोस या स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
जन्माष्टमी से पहले प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती
जन्माष्टमी पर देश-दुनिया से लाखों श्रद्धालुओं के मथुरा पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आधे घंटे की बारिश से बिगड़े हालात ने प्रशासनिक तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
यदि त्योहार के दौरान बारिश होती है, तो जलभराव, कीचड़ और यातायात जाम से श्रद्धालुओं की परेशानी कई गुना बढ़ सकती है। नगर निगम के लिए अब कागजी दावों से इतर जमीन पर जल निकासी की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।
