Mathura News: उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह दिल्ली-आगरा (यमुना) एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा और भयावह सड़क हादसा हो गया। मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 127 के पास घने कोहरे के कारण 7 बसें और कुछ कारें आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद अचानक कई बसों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि इस दुर्घटना में 13 लोगों की जलकर मौत हो गई।
सुबह 4 बजे के आसपास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे हुई, जब एक्सप्रेसवे पर घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान 7 बसों और तीन कारों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते चार बसों में आग लग गई। एक कार के भी आग की चपेट में आने की सूचना है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा प्रशासन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। फंसे यात्रियों को निकालने के लिए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन की ओर से ट्रैफिक को नियंत्रित करने और वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को डायवर्ट करने की कोशिश की जा रही है।
क्या बोले SSP
एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार ने बताया कि घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 127 पर सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद वाहनों में आग लग गई। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग पूरा हो चुका है। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 25 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है।
हादसे पर CM-PM ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा
यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि जनपद मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने सभी एजेंसियों और अधिकारियों को राहत कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। PMO की ओर से जारी संदेश में कहा गया है, “मथुरा, उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।”
