शहर

Delhi Fire: जनकपुरी में बहुमंजिला शोरूम में लगी भीषण आग, दूर तक दिखा काला धुआं

दिल्ली के जनकपुरी में बुधवार तड़के एक बहुमंजिला शोरूम में भीषण आग लग गई, जो पास के बाटा शोरूम तक फैल गई। आग से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Image

दिल्ली के उत्तम नगर में लगी भीषण आग, दूर तक दिखा काला धुआं

Photo : Times Now Digital

Delhi Fire News: दिल्ली के जनकपुरी स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान के एक बहुमंजिला शोरूम में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई। जिससे लाखों सामान जलकर राख हो गया। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तम नगर-नजफगढ़ रोड पर स्थित विजय सेल्स के शोरूम में तड़के 4.15 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। पुलिस ने बताया कि आग पास के बाटा शोरूम तक भी फैल गई जिसके बाद अधिकारियों ने इलाके को सुरक्षित किया और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुट गए।

इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर को भारी नुकसान

घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में बहुमंजिला इमारत से उठतीं आग की लपटें और आसमान में घना काला धुआं नजर आ रहा है, जिसे काफी दूर से भी देखा जा सकता था। डीएफएस अधिकारी ने बताया कि दमकलकर्मियों ने शुरू में दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर भेजीं, लेकिन जैसे ही आग ने भीषण रूप लिया तो दमकल की और गाड़ियां सेवा में लगाई गईं। आग पर सुबह करीब 6:30 बजे काबू पा लिया गया।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

आग बुझने के बाद भी दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों पर तेज दबाव वाले पानी की बौछारें करते देखा गया, ताकि आग को पूरी तरह से बुझाया जा सके तथा उसे और फैलने से रोका जा सके। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन जारी है। आग ने इमारत के बेसमेंट, भूतल, प्रथम तल और तीन ऊपरी मंजिलों में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर और अन्य चीजों को अपनी चपेट में ले लिया। यह इमारत करीब 350 वर्ग गज में फैली है। डीएफएस अधिकारी ने कहा, ’’नुकसान के स्तर का आकलन किया जा रहा है लेकिन माना जा रहा है कि आग में लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई है।’’ उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण अभी ज्ञात नहीं है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें