Solapur Road Accident: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले की मालशिरस तहसील में रविवार को एक पिकअप वैन सड़क किनारे बने कुएं में गिर गई, जिससे चार बच्चों समेत 14 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना तंदुलवाड़ी गांव के पास हुई और वाहन में कुल 15 लोग सवार थे।
आखिर कैसे हुआ हादसा?
सोलापुर के पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी ने बताया, "शुरुआती जानकारी के मुताबिक 15 श्रद्धालुओं को ले जा रही एक पिकअप वैन का चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे बने एक कुएं में गिर गया। इस हादसे में चार बच्चों समेत 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।" उन्होंने बताया कि वाहन को कुएं से बाहर निकाला जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें- महाराष्ट्र के लातूर में भीषण सड़क हादसा; तेज रफ्तार कार ने क्रूजर जीप को मारी टक्कर, तीन की मौत, 17 अन्य घायल
सीएम फडणवीस ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुर्घटना में हुई मौतों पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। सीएम फडणवीस ने कहा कि सोलापुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए थे और राज्य सरकार हालात पर नजर रखने के लिए स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है।
भंडारा में भी हुआ सड़क हादसा
वहीं भंडारा जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे पैदल चल रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान 63 वर्षीय कुंडलिक वालदे और 70 वर्षीय भिवा बोंदले के रूप में हुई है, जो भंडारा जिले के धारगांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, दोनों लोग रोज की तरह राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे टहलने के लिए निकले थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। इस मामले में कारधा पुलिस स्टेशन ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
