शहर

महाराष्ट्र के लातूर में भीषण सड़क हादसा; तेज रफ्तार कार ने क्रूजर जीप को मारी टक्कर, तीन की मौत, 17 अन्य घायल

महाराष्ट्र के लातूर जिले में औसा रोड पर एक भीषण सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। तेज रफ्तार कार द्वारा क्रूजर जीप को पीछे से टक्कर मारने के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Image

लातूर में भीषण सड़क दुर्घटना

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Latur Road Accident: महाराष्ट्र के लातूर-औसा मार्ग पर रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने तीन लोगों की जान ले ली, जबकि 17 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बुधोडा गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज गति से आ रही एक कार ने सामने चल रही क्रूजर जीप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि जीप का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

3 लोगों की हुई मौत

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में प्रभावित सभी लोग धाराशिव जिले के उमरगा तालुका के निवासी थे और किसी कार्य से यात्रा कर रहे थे। इस हादसे में दो महिलाओं की पहचान रेश्मा पाटिल (29 वर्ष) और सरोजा पतगे (42 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, तीसरे मृतक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय कार काफी तेज गति से चल रही थी। बताया जा रहा है कि चालक वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने में असफल रहा, जिसके चलते कार सामने जा रही क्रूजर जीप से जा टकराई और बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने वाहनों में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की तथा पुलिस और एम्बुलेंस को तत्काल सूचना दी।

17 घायलों का इलाज जारी

सभी घायलों को इलाज के लिए लातूर स्थित विलासराव देशमुख शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही उमरगा क्षेत्र के विधायक प्रवीण स्वामी ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर दुर्घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और घायलों को जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

(लातूर से आसिफ पटेल के इनपुट के साथ)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article