शहर

मुरैना में आग की अफवाह पर ट्रेन से कूदे यात्री; दूसरे ट्रैक पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आकर चार की मौत

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक अफवाह ने बड़ा रेल हादसा खड़ा कर दिया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की चर्चा फैलते ही कुछ यात्री घबराकर ट्रेन से उतर गए। इसी दौरान दूसरी पटरी पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई।

Image

मध्य प्रदेश के मुरैना में दर्दनाक रेल हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Morena Train Accident: मध्य प्रदेश के मुरैना रेलवे स्टेशन के निकट खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में कथित तौर पर आग लगने की अफवाह फैल गई, जिसके बाद उससे उतरने के दौरान दूसरे ट्रैक से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना झांसी रेलवे डिविजन के हेतमपुर और धोलपुर सेक्शन के बीच शाम करीब 4:15 बजे हुई। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि खजुराहो इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह से घबराहट में चेन खींचे जाने के बाद कुछ यात्री ट्रेन से उतर गए। उन्होंने कहा कि ट्रेन से उतरे यात्रियों ने ध्यान नहीं दिया कि बगल वाली पटरी पर पातालकोट एक्सप्रेस आ रही है और वे उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने कहा कि हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।

हेतमपुर स्टेशन के पास हुई दुर्घटना

घटनास्थल पर मौजूद मुरैना के जिलाधिकारी लोकेश कुमार जांगिड़ ने फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि खजुराहो से रवाना हुई उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में जिले के हेतमपुर स्टेशन के पास यह दुर्घटना हुई। उन्होंने कहा कि रेल इंजन से जुड़ी बोगी में कथित तौर पर अचानक चिंगारी और धुआं निकला, जिसके बाद कुछ यात्रियों ने जंजीर खींचकर ट्रेन को रोक दिया।

आग लगने की अफवाह भी फैली

कलेक्टर ने बताया इस घटना से ट्रेन के अंदर आग लगने की अफवाह भी फैल गई। उन्होंने कहा कि जान बचाने के लिए कुछ लोग ट्रेन से कूदने लगे और रेलवे ट्रैक पर आ गए। उन्होंने कहा कि इसी दौरान कुछ लोग दूसरी रेल लाइन पर खड़े हो गए और उन्हें यह नहीं पता चला कि बगल की पटरी पर दिल्ली की ओर से पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन तेज रफ्तार से आ रही है।

जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान

कलेक्टर ने बताया कि दुर्घटना में तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई है। मुरैना जिले के सराय छोला थाना प्रभारी के. के. सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान आफरीन (35), अशद (4), शकुंतला (60) और वीरमा देवी (58) के रूप में हुई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article