शहर

लखनऊ में रेल पटरी पर रखा दिखा लोहे का फ्रेम, लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा खतरा; एजेंसियां हुईं अलर्ट

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बड़ा रेल हादसा उस समय टल गया जब पंजाब मेल के लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर रखा लोहे का भारी फ्रेम देखकर तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रेन की इंजन से फ्रेम की हल्की टक्कर हुई, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद रेलवे और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा इसके पीछे साजिश या शरारती तत्वों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Image

लखनऊ में टला बड़ा रेल हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिलकुशा के पास रेलवे ट्रैक पर लोहे का भारी फ्रेम रखा होने के कारण एक यात्री ट्रेन के चालक को आपातकालीन ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रेन नंबर 13006 पंजाब मेल के लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए आपातकालीन ब्रेक लगाए, जिससे जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

पटरी पर लोहे का भारी फ्रेम पड़ा देखा

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे हुई थी। उन्होंने बताया कि ट्रेन जब आगे बढ़ रही थी तभी लोको पायलट ने पटरी पर लोहे का भारी फ्रेम पड़ा देखा, जो किसी दरवाजे का हिस्सा लग रहा था। अधिकारियों ने बताया कि पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, हालांकि ट्रेन की गति कम होने के बावजूद इंजन फ्रेम से टकरा गया, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

लोहे का टुकड़ा हटाया गया

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने पर रेलवे और रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और इंजन से लोहे का टुकड़ा हटाया। साथ ही जांच के लिए फ्रेम को जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे की लिखित शिकायत पर कैंटोनमेंट थाने में रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शुरुआती जांच में क्या पता चला?

कैंट थाने की प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) गुरप्रीत कौर ने बताया कि पुलिस और सर्विलांस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह शरारती तत्वों या नशे के आदी लोगों की हरकत लग रही है, हालांकि किसी बड़ी साजिश की आशंका को देखते हुए खुफिया एजेंसियों को भी जानकारी दे दी गई है। रेलवे और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article