शहर

बिहार में कई IPS अधिकारियों का तबादला, सुधांशु कुमार को ADG ट्रैफिक की जिम्मेदारी; देखें पूरी लिस्ट

बिहार गृह विभाग ने 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले एवं नई पदस्थापन से संबंधित अधिसूचना जारी की। इस फेरबदल में एडीजी, आईजी और एसपी स्तर के अधिकारियों के साथ युवा आईपीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Image

सीएम सम्राट चौधरी

पटना : बिहार में कई भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों को तबादला किया गया है। बिहार सरकार के गृह विभाग ने बुधवार को भारतीय पुलिस सेवा के 12 अधिकारियों के तबादले एवं नई पदस्थापन से संबंधित अधिसूचना जारी की। इस फेरबदल में एडीजी, आईजी और एसपी स्तर के अधिकारियों के साथ युवा आईपीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जारी आदेश के अनुसार, 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा को बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के पद से स्थानांतरित कर गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार का महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा बनाया गया है।

निर्मल कुमार आजाद को मिली ये जिम्मेदारी

इसी तरह आईपीएस अधिकारी निर्मल कुमार आजाद को पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक, मद्यनिषेध एवं राज्य उत्पाद नियंत्रण ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि पंकज कुमार दराद को आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के अपर पुलिस महानिदेशक के पद से हटाकर बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम का अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

सुधांशु कुमार (1996 बैच) को अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) से हटाकर अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उन्हें विशेष निगरानी इकाई का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इसके अलावा अमित राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई से स्थानांतरित कर एटीएस का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।

इसी बैच की कासे सुहिता अनुपम को विधि-व्यवस्था का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है, जबकि वे अपराध अनुसंधान विभाग में कमजोर वर्ग के एडीजी का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी। आईएनएस के हवाले से राजेश कुमार को बिहार मानवाधिकार आयोग से बदलकर पुलिस महानिरीक्षक, एससीआरबी बनाया गया है। वहीं 2006 बैच के पंकज कुमार राज को एससीआरबी से स्थानांतरित कर रेलवे का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि एस. प्रेमलथा को मद्यनिषेध एवं राज्य उत्पाद नियंत्रण ब्यूरो से बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।

इसके अलावा, 2022 बैच की आईपीएस अधिकारी गरिमा को कहलगांव (भागलपुर) के एसडीपीओ पद से स्थानांतरित कर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9, जमालपुर का समादेष्टा बनाया गया है, तथा शिवम धाकड़ को दानापुर के एसडीपीओ-1 से मधुबनी का ग्रामीण पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं 2023 बैच की कोमल मीणा को मसौढ़ी के एसडीपीओ-1 से पटना (विधि-व्यवस्था) की एसडीपीओ-2 बनाया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article