Mandsaur News: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में कुल्फी (आइसक्रीम) खाने के बाद करीब 12 से 15 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बच्चों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां एक बच्चे की हालक गंभीर बताई जा रही है।
बच्चों ने कुल्फी विक्रेता से खरीदी थी कुल्फी
यह घटना कोटड़ा बुजुर्ग गांव इलाके में मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव में रोजाना की तरह ही एक कुल्फी बेचने वाला आया, जिससे बच्चों ने दोपहर के समय कुल्फी खरीदी थी। लेकिन शाम होते-होते कई बच्चों को अचानक उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। जिसके बाद परिजनों ने तुरंत बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
7 साल के बच्चे की हालत गंभीर
सूचना मिलते ही स्थानीय बीएमओ और स्वास्थ्य विभाग की टीम कोटड़ा बुजुर्ग गांव पहुंची। कुछ बच्चों का इलाज गांव में ही जारी है, जबकि करीब 7 बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें राजस्थान के निकटवर्ती भवानीमंडी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनमें 7 साल के शिवम की हालत गंभीर बताई जा रही है। बीएमओ डॉ. दरबार सिंह ने बताया कि गंभीर हालत वाले बच्चे की मेडिकल हिस्ट्री पहले से भी रही है और उसे बुखार था। डॉक्टरों को बच्चे की दोबारा जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल अन्य सभी बच्चों की हालत स्थिर है।
कुल्फी के मेवे की क्वालिटी खराब होने की आशंका
इस मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन भी एक्टिव हो गया। गरोठ और भानपुरा के नायब तहसीलदार सहित पुलिस अधिकारी भवानीमंडी अस्पताल पहुंचे और बच्चों की तबीयत के बारे में जानकारी ली। एसडीएम राहुल चौहान ने बताया कि मामले की जांच के लिए कुल्फी के सैंपल लेकर उनकी जांच कराई जाएगी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कुल्फी में इस्तेमाल किए गए मावे की क्वालिटी खराब होगी, जिस कारण बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ी गई। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। जांच के बाद ही असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
