Jabalpur: मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। आप लोगों ने यात्रा की कई असामान्य खबरें पढ़ी और सुनी होंगी, लेकिन जबलपुर रेलवे स्टेशन में गुरुवार को उस वक्त ध्यान अपनी ओर खींचा जब एक व्यक्ति ट्रेन की बोगी के नीचे छिपकर इटारसी स्टेशन से जबलपुर पहुंचा।
जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति को ट्रेन की बोगी के नीचे ने निकलते देख आप लोग भी अचंभित रह जाते। इसका घटना का वीडियो भी सामने आया है। तस्वीरों में आप देख पा रहे होंगे कि किस तरह एक व्यक्ति ट्रेन की बोगी के नीचे से निकल रहा है।
बता दें कि जबलपुर रेलवे स्टेशन पर दानापुर एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर रुकने के दौरान कैरिज एंड वैगन विभाग के कर्मचारियों ने एक व्यक्ति को ट्रेन की बोगी के नीचे छिपे हुए देखा। जिसके तत्काल बाद उन्होंने उस व्यक्ति को बाहर निकलने के लिए कहा जिसका वीडियो सामने आया है।
बोगी में कब छिपा शख्स?
इटारसी स्टेशन से ट्रेन नंबर 12149 पुणे दानापुर एक्सप्रेस के AC-4 कोच के नीचे व्यक्ति छिपा हुआ था। इस तरह खुद की जान खतरे में डालकर व्यक्ति ने 250 किमी का सफर तय किया। ट्रेन जब जबलपुर पहुंची तो रेल कर्मी की उस पर नजर पड़ी। रेल कर्मियों ने देखा कि एक व्यक्ति ट्रेन की रोलिंग और अंडर गियर में छिपा हुआ है।
मामला की जांच कर रही आरपीएफ
जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे व्यक्ति को आरपीएफ के हवाले कर दिया गया है। आरपीएफ व्यक्ति से पूछताछ कर रही है। सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से उचित कदम उठाया जाएगा।
