Thiruvananthapuram News: तिरुवनंतपुरम से एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक व्यक्ति सरकारी अस्पताल की लिफ्ट में दो दिन तक फंसा रहा। 59 वर्षीय व्यक्ति को सोमवार को लिफ्ट से बाहर निकाला गया। आज सुबह जब लिफ्ट को नियमित कामकाज के लिए चालू किया गया, तो इस घटना का पता चला। इस दौरान व्यक्ति के परिवारजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी थी।
लिफ्ट में फंसने पर नहीं मिली मदद
पुलिस के अनुसार उलूर निवासी रवींद्रन नायर (59) शनिवार से यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज के ओपी ब्लॉक की लिफ्ट में फंसे हुए थे। पुलिस ने बताया, ‘‘वह पहली मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट में चढ़े थे, लेकिन उन्होंने दावा किया कि लिफ्ट नीचे आ गयी और खुली नहीं। वह मदद के लिए चिल्लाए लेकिन कोई नहीं आया। उनका फोन भी बंद था।’’
मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल आया था व्यक्ति
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सोमवार सुबह सामने आई, जब लिफ्ट ऑपरेटर ने नियमित कामकाज के लिए लिफ्ट चालू की। पीड़ित व्यक्ति के परिवार ने रविवार रात को मेडिकल कॉलेज पुलिस में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी थी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल आया था।
