Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र इस समय मौसम के दो विरोधाभासी दौर से गुजर रहा है। जहां एक ओर कोंकण के तटीय इलाकों में सूरज आग उगल रहा है, वहीं दूसरी ओर अरब सागर और केरल के पास बने चक्रवाती सिस्टम के कारण विदर्भ और मराठवाड़ा में बेमौसम बारिश और आंधी का माहौल बन गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों के लिए 'येलो' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है।
मुंबई और कोंकण में हीटवेव का अलर्ट (Mumbai Konkan Heatwave Alert Today)
मुंबई, ठाणे और पालघर समेत पूरे कोंकण तट पर भीषण गर्मी और उमस (Humidity) ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। अरब सागर से आ रही नमी के कारण हवा में भारीपन है, जिससे बदन दर्द और बेचैनी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मुंबई और रायगढ़ से सिंधुदुर्ग तक लू (Heatwave) का येलो अलर्ट जारी किया है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
विदर्भ और मराठवाड़ा में बारिश की संभावना (Vidarbha Marathwada Rain Alert Today)
एक ओर जहां तटीय महाराष्ट्र तप रहा है, वहीं दूसरी ओर विदर्भ और मराठवाड़ा में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने से बारिश के अनुकूल स्थिति बन गई है। फिलहाल शाम 4 बजे तक के लिए लातूर, हिंगोली और नांदेड़ में बारिश, आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। विदर्भ के नागपुर, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर और गढ़चिरोली में 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। वहीं मराठवाड़ा व पश्चिम महाराष्ट्र के लातूर, धराशिव, सांगली और कोल्हापुर में भी अचानक तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है।
तापमान का उतार-चढ़ाव: वाशिम सबसे गर्म (Maharashtra Weather Today)
राज्य में तापमान के मामले में भारी उथल-पुथल है। हाल ही में वाशिम में राज्य का सबसे अधिक तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि जलगांव और धुले में इसके 44 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की आशंका है। इसके विपरीत, हिल स्टेशन महाबलेश्वर में पारा 15.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और बिहार में भी 50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम और मेघालय में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
