Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में भीषण गर्मी का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए एक बार फिर गंभीर चेतावनी जारी की है। जहां एक तरफ विदर्भ और मराठवाड़ा भीषण लू (Heatwave) की चपेट में हैं, वहीं अब यह तपिश कोंकण तट और मुंबई की ओर तेजी से बढ़ रही है। विशेष बात यह है कि राज्य के कुछ हिस्सों में सूरज की तपिश के साथ-साथ अब आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
मुंबई और कोंकण: 6 से 8 मई तक भीषण लू का अलर्ट (Mumbai Konkan Heatwave Alert Today)
कोंकण क्षेत्र के मौसम में 6 मई से बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। यह लू केवल 6 मई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि 7 और 8 मई को भी कोंकण तट पर भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। उच्च आर्द्रता (Humidity) के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा, जिससे असहजता बढ़ेगी।
विदर्भ में संकट: गर्मी के साथ बारिश-ओलों का दोहरा हमला (Vidarbha Rain Hailstorm Today)
विदर्भ के जिलों में स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है। 5 मई को यवतमाल, वर्धा, नागपुर, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर और गढ़चिरोली में भीषण गर्मी को लेकर येलो अलर्ट है। हालांकि, इसी दौरान मौसम विभाग ने एक और बड़ी चेतावनी दी है। भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा और यवतमाल में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं (Gusty Winds) की संभावना है। चंद्रपुर में तो ओले भी गिर सकते हैं।
मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र में पारा 41 के पार (Marathwada IMD Alert Today)
मराठवाड़ा के जिलों जैसे छत्रपति संभाजीनगर, बीड़, लातूर, धाराशिव, परभणी, हिंगोली, जालना और नांदेड़ में अधिकतम तापमान 41डिग्री तक पहुंच सकता है। 6 मई को लातूर और उस्मानाबाद में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तर महाराष्ट्र के नासिक, जलगांव, धुले और नंदुरबार में भी मौसम शुष्क रहेगा और तापमान 36°C से 39°C के बीच रहने की उम्मीद है।
इन इलाकों में बारिश-बिजली की संभावना (Maharashtra IMD Alert)
लू के बीच कुछ राहत की खबर भी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 मई को मराठवाड़ा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं 7 और 8 मई को दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और उत्तर मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 8 मई को दक्षिण कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
