शहर

Maharashtra Weather: आखिरकार मुंबई पहुंचा मानसून, IMD ने 23 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट; जानें कहां आएगी बारिश

Maharashtra Weather Update 22 June: भीषण गर्मी के बाद मानसून आखिरकार मुंबई पहुंच गया है, IMD ने 22 और 23 जून के लिए अलर्ट जारी किया है। जानिए महाराष्ट्र के किन 23 जिलों के लिए मौसम विभाग ने बड़ी चेतावनी दी है।

Image

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मुंबई में दी दस्तक कई जिलों में अलर्ट

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Weather Update: मुंबई के लोगों को हफ्तों से परेशान कर रही चिलचिलाती गर्मी और उमस से आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। चिलचिलाती धूप के लंबे इंतजार के बाद मुंबई और इसके उपनगरों में मानसून की पहली अच्छी बारिश दर्ज की गई है। रविवार सुबह जैसे ही रिमझिम फुहारें शुरू हुईं, ठाणे और आसपास के इलाकों में लोग खुशी से झूम उठे और मौसम का लुत्फ उठाने घरों से बाहर निकल आए। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 22 जून और कल 23 जून के लिए मुंबई में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में मानसून और मजबूत होगा, जिसके चलते 25 और 26 जून को मुंबई में मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है।

कल मुंबई आया मानसून (Mumbai Monsoon)

रविवार की सुबह मुंबई के कई इलाकों को सराबोर कर गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह के शुरुआती घंटों में मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण मुंबई में बारिश ने सबसे पहले दस्तक दी। चूंकि यह हिस्सा प्रायद्वीप के छोर पर है और तीन तरफ से अरब सागर से घिरा हुआ है, इसलिए समुद्र से आने वाली नमी सबसे पहले इसी तट से टकराती है।

मानसून ने क्यों की देरी

मानसून वैसे तो हफ्ते भर पहले ही दक्षिण कोंकण तक पहुंच चुका था, लेकिन मुंबई तक आते-आते उसकी रफ्तार धीमी पड़ गई। अरब सागर में भरपूर नमी होने के बावजूद हवा की एक खास स्थिति, जिसे वैज्ञानिक भाषा में 'एंट्रेनमेंट' कहते हैं, के कारण बारिश रुकी हुई थी।

दरअसल, बारिश लाने वाले बादल तब बनते हैं जब जमीन की गर्म और नम हवा तेजी से ऊपर उठकर ठंडी होती है। लेकिन पिछले दिनों वायुमंडल के मध्य स्तर पर सूखी हवा की एक जिद्दी परत जमी हुई थी। जैसे ही नम हवा ऊपर उठती, यह सूखी हवा उसकी सारी नमी सोख लेती थी। जिसने बादलों को इतना ऊंचा ही नहीं होने दिया कि वे बरस सकें। शनिवार रात को आखिरकार इस सूखी हवा की पकड़ ढीली हुई और मुंबई का आसमान खुल गया।

महाराष्ट्र में आज कहां कहां ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार (22 जून) के लिए पूरे महाराष्ट्र में बदलते मौसम को देखते हुए एक गाइडलाइन जारी किया है और राज्य के 23 जिलों के लिए अलग-अलग प्रकार के अलर्ट घोषित किए हैं। विभाग के अनुसार, इस समय राज्य में मौसम का मिजाज काफी मिला-जुला रहने वाला है, जहां एक ओर कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का खतरा है तो वहीं कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है। नागपुर, गोंदिया और चंद्रपुर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट जारी

वहीं, मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, सतारा, सांगली, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, बीड, लातूर, धाराशिव, भंडारा, गढ़चिरौली और वर्धा समेत कुल 17 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ आंधी, हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

इसके अलावा, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की हवाएं और छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में आंशिक राहत मिल सकती है। मुंबई की बात करें तो यहां आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे उमस भरा मौसम बना रह सकता है।

देश में क्या है मानसून का हाल

देशभर के लिहाज से देखें तो मानसून अब तक करीब 19 राज्यों को कवर कर चुका है। हालांकि, उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा पर स्थित महराजगंज क्षेत्र में यह पिछले नौ दिनों से थमा हुआ था। मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि 23 जून के आसपास यह रुकावट खत्म होगी और मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ तथा तेलंगाना के नए क्षेत्रों में प्रवेश कर जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!