Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र के मौसम में लगातार उलटफेर देखने को मिल रही है। एक तरफ जहां कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर आंधी-बारिश के मौसम की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग (IMD) ने आज मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का मौसम बरकरार रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।
मुंबई में आज बारिश का अलर्ट! (Mumbai Weather)
मुंबई और आसपास के इलाकों में भी आज मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ रहा है। अगले 24 घंटों के दौरान यहां आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। मुंबई में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। वहीं 22 और 23 अप्रैल के लिए मुंबई और ठाणे में उमस भरी गर्मी के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की चेतावनी जारी की गई है।
महाराष्ट्र में आज कहां-कहां होगी बारिश
महाराष्ट्र में आज रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, धुले, जलगांव, नासिक, सोलापुर, बीड, नांदेड़, नागपुर और चंद्रपुर समेत अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कहीं-कहीं 40 से 50 किमी की रफ्तार से आंधी चलने के भी आसार हैं। वहीं पुणे, कोल्हापुर, सतारा और सांगली में 25 अप्रैल तक ऐसा ही मौसम बने रहने का अलर्ट जारी किया गया है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में भीषण गर्मी
वहीं तापमान की बात करें तो राज्य के आंतरिक इलाकों में गर्मी का प्रभाव ज्यादा है। अकोला में दिन का पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि मालेगांव, बीड और औरंगाबाद जैसे शहरों में भी 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान दर्ज किया गया। इससे इन इलाकों में लू जैसी स्थिति बनी हुई है। इसके विपरीत तटीय इलाकों में तापमान थोड़ा कम रहा। मुंबई में तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ, जबकि अलीबाग और रत्नागिरी में करीब 30 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। लेकिन यहां उमस अधिक होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। दिन के साथ-साथ में रातें भी गर्म महसूस हो रही है। राज्य में रात का तापमान भी 21 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
