Palghar Earthquake News: महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक घंटे के भीतर 3.4 तीव्रता के भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप में किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, पहला झटका सोमवार रात 10 बजकर चार मिनट पर महसूस किया गया और उसके बाद रात 11 बजे इतनी ही तीव्रता का दूसरा भूकंप आया।
जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि भूकंपीय गतिविधि जव्हार तालुका में पांच किलोमीटर की गहराई पर हुई। अधिकारियों ने बताया कि लगातार भूकंप के झटकों से स्थानीय निवासी दहशत में आ गए लेकिन जिले में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। कदम ने कहा कि स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही हैं।
महाराष्ट्र के तटीय इलाके में स्थित पालघर में पिछले कुछ वर्षों में कम तीव्रता वाले झटके महसूस किए जाते रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और सुरक्षा के तय नियमों का पालन करने की अपील की है। पिछले महीने भी पालघर जिले में भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए थे। यह जिला मुंबई से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है।
प्रशासन की अपील और निगरानी
लगातार आए दो झटकों के कारण स्थानीय निवासियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
सतत निगरानी: स्थानीय प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन टीम स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन की अपील: अधिकारियों ने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने, शांत रहने और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है।
बता दें कि भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक सतर्कता के साथ-साथ नागरिकों की जागरूकता और सुरक्षा मानकों का पालन ही किसी भी संभावित खतरे को टालने का प्रभावी उपाय है।
