शहर

अब IIT बॉम्बे के हॉस्टल पर FDA का एक्शन; बिना लाइसेंस चल रहे थे 2 मेस, तत्काल प्रभाव से काम रोकने का आदेश

महाराष्ट्र FDA ने IIT बॉम्बे के हॉस्टेल नंबर 1 और 2 की मेस को आवश्यक अनुमति न होने पर बंद करने का निर्देश दिया है। राज्यव्यापी अभियान के तहत कई अन्य नामी रेस्टोरेंट के लाइसेंस भी सस्पेंड किए गए हैं।

Image

IIT बॉम्बे की 2 हॉस्टल मेस पर FDA का एक्शन (फाइल फोटो)

Photo : ANI

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्यभर में खाद्य सुरक्षा और मानकों के अनुपालन को लेकर बड़ा अभियान चला रखा है। इसी कड़ी में FDA ने पवई स्थित देश के प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे परिसर में छापेमारी कर दो हॉस्टेल मेस को तुरंत प्रभाव से अपना संचालन बंद करने का निर्देश दिया है।

जांच के दौरान पाया गया कि इन भोजन केंद्रों के पास खाद्य सुरक्षा कानून के तहत अनिवार्य लाइसेंस और पंजीकरण उपलब्ध नहीं थे।

IIT बॉम्बे की किन-किन मेस पर हुई कार्रवाई?

FDA की टीम ने IIT बॉम्बे के अलग-अलग छात्रावासों की मेस सुविधाओं का औचक निरीक्षण किया। हॉस्टल नंबर 1 और 2 की मेस में निरीक्षण के दौरान संचालकों के पास आवश्यक खाद्य लाइसेंस और FSSAI पंजीकरण नहीं पाए गए। इसके बाद FDA ने तत्काल प्रभाव से भोजन बनाने व परोसने का काम बंद करने का आदेश दिया। हॉस्टल नंबर 12, 13 और 14 की मेस में भी कुछ तकनीकी और स्वच्छता संबंधी कमियां पाई गईं। इस पर संबंधित कैटरर को नोटिस जारी कर तय समय सीमा के भीतर सुधार करने की हिदायत दी गई है।

तुकाराम मुंढे की अगुवाई में छापेमारी

नवनियुक्त FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में पूरे महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा कानूनों को सख्त बनाने के लिए गहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान स्वच्छता संबंधी मापदंडों का उल्लंघन करने और बिना वैध अनुमति के चल रहे कई प्रमुख होटलों और रेस्टोरेंट के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। प्रमुख प्रतिष्ठान जिनके लाइसेंस सस्पेंड किए गए उनमें नवी मुंबई की पंजाब ग्रिल, गोखले रोड, दादर की एम/एस ईट नीनो प्राइवेट लिमिटेड, लिंकिंग रोड, सांताक्रूज़ पश्चिम स्थित एम/एस ए जे हॉस्पिटैलिटी - हाउस ऑफ महाराष्ट्र और कुर्ला पश्चिम की एम/एस साउथ इंडिया डोसा कॉर्नर शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त तीन अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को भी अपना कामकाज बंद करने का नोटिस थमाया गया है। FDA अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि छात्रों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article